2024 तक यूपी में करीब पांच लाख करोड़ के कार्य होंगे पूरे: गडकरी
17-Jul-2023 08:49 PM 1459
लखनऊ, 17 जुलाई (संवाददाता) केंद्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि 2024 तक उत्तर प्रदेश में पांच लाख करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मूर्त रूप दिया जायेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ लखनऊ में 3300 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के अवसर पर श्री गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दृष्टि दी है। उन्होने कहा “ पिछली बार जब लखनऊ आया था तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यूपी के विकास के लिए काफी बड़ा निवेश यूपी में आया था। योगी जी ने जिन्हें बुलाया था, उन्होंने आश्वस्त किया था कि यूपी में बड़ी पूंजी निवेश करेंगे।” उन्होने कहा “ आज योगी जी बता रहे थे कि करीब 10 लाख करोड़ से यहां नए-नए उद्योग शुरू होने जा रहे हैं। एक समय यूपी बीमारू था पर योगी जी के नेतृत्व में आज यूपी का विकास हो रहा है। यूपी का विकास करते समय यह निवेश आना चाहिए। औद्योगिक विकास होना चाहिए। इसके लिए निश्चित रूप से अच्छी रोड की आवश्यकता है।” श्री गडकरी ने कहा कि पीएम मोदी ने सबके सामने यह उद्देश्य रखा है कि देश को पांच ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी व भारत को आत्मनिर्भर, सुखी-समृद्ध व शक्तिशाली बनाना है। इसके लिए हमारा इंफ्रास्ट्रक्चर अंतरराष्ट्रीय स्तर का होना चाहिए। सरकार आने पर मोदी जी ने सर्वोच्च प्राथमिकता इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट के लिए दी। नौ साल में मुझे जो विभाग देखने को मिला, उसका जब हिसाब किया तो 50 लाख करोड़ रुपये का कार्य करने का सौभाग्य मिला। यह कार्य करने से लोगों का जीवन सशक्त बनेगा। समय बचेगा और प्रदूषण कम होगा। उन्होने कहा कि शुरू में लोग विश्वास नहीं करते थे। दिल्ली से देहरादून जाने में 9 घंटे लगते हैं। मैंने कहा कि दो घंटे में ले जाएंगे। दिल्ली से हरिद्वार डेढ़ घंटे, दिल्ली से मुंबई 12 घंटे, दिल्ली से जयपुर दो घंटे और दिल्ली से चंडीगढ़ सवा दो घंटे लग रहे हैं। चंडीगढ़ से मनाली जाने में नौ घंटे लगते थे। अब हमने टनल बना लिए, इसका उद्घाटन कर रहे हैं, अब तीन घंटे में जाएंगे। बेंगलुरू से चेन्नई अब दो घंटे और मैसूर से बेंगलुरु जाने में 1.10 घंटा लगेगा। यह परिवर्तन देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए काफी मददगार है। मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं कि 2024 समाप्त होने तक यूपी में करीब पांच लाख करोड़ रुपये के कार्य पूरे करेंगे और कुछ कार्यों का शुभारंभ करेंगे। केद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 से 2023 तक डेढ़ लाख करोड़ से छह हजार किमी. के रोड का काम पूरा किया। करीब सवा लाख करोड़ का तीन हजार किमी का काम चल रहा है। करीब 80 हजार करोड़ का 3300 किमी. का डीपीआर बन रहे हैं। आने वाले फ्यूचिरिस्टिक प्लानिंग में 1.50 लाख करोड़ की 120 परियोजनाओं का अध्ययन कर रहे हैं। उन्होने कहा कि लखनऊ का रामायण काल से महत्व है। प्रभु श्रीराम के बंधु लक्ष्मण जी के नाम से यह शहर है। योगी ने यूपी के विकास को अच्छी दृष्टि दी है। मैंने उन्हें बताया कि 2004 से मैं एथेनॉल की बात करता था। अब यूपी के एथेनॉल से केवल गाड़ी ही नहीं, बल्कि आने वाले समय में दुनिया में हवाई जहाज एविएशन फ्यूल बनकर चलेगा। इंडियन ऑयल इसका प्लांट डाल रहे हैं, जिससे किसान अन्नदाता नहीं, ऊर्जादाता बनेगा। गन्ना किसानों का भविष्य बदलने के लिए मोदी-योगी सरकार की नीतियों व निर्णय से काफी फायदा मिला। उन्हें समय से गन्ने के पैसे मिलने लगे। एथेनॉल, मिथेनॉल, बायो सीएनजी, हाइड्रोजन हमारा भविष्य है। आने वाले समय में यूपी हाइड्रोजन निर्माण करने में अग्रसर हो। हमारा देश ऊर्जा को आयात नहीं, निर्यात करने वाला देश बनेगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^