02-Sep-2021 12:39 PM
8390
धार में सड़क हादसे में राजस्थान के 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी राजस्थान के निंबाहेड़ा के रहने वाले हैं। वे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए जा रहे थे। ड्राइवर को रात 3.15 बजे झपकी आ गई। इससे इको वैन अनियंत्रित होकर पलट गई।
मौके पर पहुंची टोल प्लाजा एंबुलेंस से घायलों को बदनावर के सिविल अस्पताल लाया गया है। कार में 6 बच्चे समेत 13 लोग थे। हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। उनका इलाज जारी है। तीन लोगों की हालत काफी गंभीर है और उन्हें रतलाम रेफर कर दिया गया है।
टीआई के अनुसार हादसे में 45 वर्षीय एक किशोर, 12 वर्षीय कमल और 40 वर्षीय रामकन्या की मौत हुई है। इसके आलावा 17 वर्षीय अनु, 40 वर्षीय गुड्डी बाई और 45 वर्षीय कौशल्या को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम रेफर किया गया है।
धार कलेक्टर आलोक सिंह का कहना है कि ओंकारेश्वर दर्शन करने के लिए दर्शनाथी जा रहे थे। इसी दौरान बदनावर के पास हाईवे पर हादसा हो गया है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों का पोस्टमार्टम हो चुका है, जल्द ही कार्रवाई के बाद परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा। इसके अलावा हादसे में घायल हुए लोगों का समय पर इलाज हो गया है।
accident..///..3-people-of-rajasthan-were-going-for-omkareshwar-darshan-late-night-the-driver-fell-asleep-10-injured-314819