32 वर्ष के हुये सिद्धांत चतुर्वेदी
29-Apr-2025 12:10 PM 3877
मुंबई, 29 अप्रैल (संवाददाता) बॉलीवुड के जानेमाने अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी आज 32 वर्ष के हो गये।सिद्धांत चतुर्वेदी का जन्म 29 अप्रैल 1993 को उत्तर प्रदेश के बलिया में हुआ था।वह जब पांच साल के थे, तब वे मुंबई चले गये। उनके पिता एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और उनकी माँ एक गृहिणी हैं। सिद्धांत ने मुंबई के मीठीबाई कॉलेज में पढ़ाई की। वह शुरू में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की ख्वाहिश रखते थे, जबकि अपने जुनून के लिए मंच पर अभिनय करते थे। इस दौरान उन्होंने 2013 में टाइम्स ऑफ इंडिया के फ्रेश फेस कॉन्टेस्ट में भाग लिया और जीत हासिल की।वर्ष 2016 में, सिद्धांत चतुर्वेदी ने टीवी शो लाइफ सही है में काम किया। वर्ष 2017 में उन्होंने अमेज़ॅन प्राइम वीडियो सीरीज़ इनसाइड एज में एक किशोर क्रिकेटर प्रशांत कनौजिया का किरदार निभाया। यह शो इंडियन प्रीमियर लीग से प्रेरित था ।वर्ष 2019 में सिद्धांत चतुर्वेदी ने जोया अख्तर निर्देशित फिल्म गली बॉय से बॉलीवुड में अपनी शुरूआत की। इस फिल्म में सिद्धांत ने रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के साथ काम किया। इस फिल्म के लिये सिद्धांत को फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह में, सर्वश्रेष्ठ पुरुष पदार्पण के लिए नामांकन मिला। इसके साथ हीं उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सिद्धांत चतुर्वेदी ने वर्ष 2021 में यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म बंटी और बबली 2 में रानी मुखर्जी और सैफ अली खान के साथ काम मिया। इसके बाद सिद्धांत ने शकुन बत्रा की फिल्म गहराइयां में दीपिका पादुकोण और अनन्या पांडे के साथ काम किया, जिसमें उनके अभिनय को पसंद किया गया। इसके बाद सिद्धांत चतुर्वेदी ने गहराइयां,फोन भूत,खो गए हम कहां और युधरा जैसी फिल्मों में काम किया । सिद्धांत की आने वाली फिल्मों में धड़क 2 और दिल का दरवाजा खोल ना डार्लिंग शामिल है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^