ग्वालियर में 60 फीट ऊंचाई पर झंडे की रस्सी बदल रहे थे 4 कर्मचारी, क्रेन का जैक उखड़ा; नीचे गिरने से 3 की मौत
14-Aug-2021 12:44 PM 5052
ग्वालियर में 60 फीट ऊंचे डाकघर भवन में राष्ट्रीय ध्वज की रस्सी बदलते समय क्रेन का जैक उखड़ने से 3 कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसे में 1 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वतंत्रता दिवस के लिए झंडे की डोरी बदली जा रही थी। कर्मचारी क्रेन पर चढ़े ही थे कि अचानक जैक उखड़ने से क्रेन पलट गई और ट्रॉली सहित कर्मचारी सिर के बल पहली मंजिल की छत पर गिर गए। मृतकों में 2 नगर निगम के दमकल विभाग के कर्मचारी हैं और एक डाकघर का चौकीदार है। वह भी क्रेन की ट्रॉली पर सवार था। घटना शनिवार सुबह महाराज बाड़ा पर हुई है। आनन-फानन में सभी को जय आरोग्य अस्पताल (जेएएच) के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट भी घटना स्थल पहुंचे। घटना के बाद से कर्मचारियों में काफी आक्रोश है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला है। शहर के महाराज बाड़ा में हर साल स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक भवनों पर लाइटिंग और सजावट की जाती है। पुराने डाकघर पर झंडा फहराया जाता है। झंडा तो यहां लगा था, लेकिन उसकी डोरी खराब थी। इसे ठीक कराने के लिए डाकघर के चौकीदारी विनोद कुमार शर्मा ने नगर निगम कार्यालय पर सूचना दी थी। दमकल के कर्मचारी 52 मीटर ऊंचाई वाली बड़ी क्रेन लेकर बाड़ा पहुंचे थे। क्रेन को साइड में खड़ी कर उसकी ट्रॉली में दमकल कर्मचारी प्रदीप राजौरिया, कुलदीप डंडौतिया, डाकघर चौकीदार विनोद शर्मा सहित 4 लोग खड़े थे। वह ट्रॉली में सवार होकर झंडे तक पहुंचे ही थे कि जिस जैक पर क्रेन खड़ी थी वह टूट गया। इससे क्रेन पलट गई। क्रेन के पलटते ही ट्रॉली सहित सभी कर्मचारी नीचे आ गिरे। स्थानीय लोगों ने पुलिस, नगर निगम को सूचना दी। तत्काल पुलिस वहां पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को निकालकर एंबुलेंस से JAH के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। अस्पताल में 3 की मौत की पुष्टि हुई घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे पुलिस अफसर ने बताया कि हादसे में प्रदीप राजौरिया, विनोद कुमार शर्मा और कुलदीप डंडौतिया की सिर पर चोट लगने से मौत हो गई। 3 कर्मचारियों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना से कर्मचारियों में आक्रोश, हंगामा किया घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अपने साथियों की इस तरह हुई मौत पर आक्रोश जताया। उनकी नगर निगम के अफसरों से बहस भी हुई। 10 बजे तक एक अपर आयुक्त के अलावा कोई भी निगम का बड़ा अफसर मौके पर नहीं पहुंचा। death..///..4-workers-were-changing-the-rope-of-the-flag-at-a-height-of-60-feet-in-gwalior-the-jack-of-the-crane-was-uprooted-3-killed-by-falling-down-311437
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^