03-Feb-2024 03:58 PM
7780
भोपाल, 03 फरवरी (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर आज कहा कि इस फैसले से सामाजिक जीवन में साफ सुथरा जीवन जीने वालों को प्रेरणा मिलेगी।
डॉ यादव ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि ये आनंद और हर्ष का विषय है। सामाजिक जीवन में साफ सुथरा जीवन जीने वालों को इससे प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री आडवाणी ने पत्रकार के तौर पर लंबी यात्रा निभाई। राजनीति में प्रतिपक्ष में भी उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई है। आपातकाल में भी उन्होंने सेनानी की भूमिका को निभाया। इस बात को लेकर प्रसन्नता है कि भगवान राम को लेकर उन्होंने जनभावनाओं का नेतृत्व किया। उन्हीं के कारण पूरा देश भगवान राम के साथ खड़ा हुआ था। देश के गृहमंत्री के तौर पर पर भी श्री आडवाणी की बड़ी भूमिका रही।
इसके पहले उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, 'हमारे मार्गदर्शक श्रद्धेय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित करने का निर्णय हम सभी के लिए प्रसन्नता का विषय है। श्रद्धेय आडवाणी जी का जीवन हम सभी के लिए साहस, त्याग, देशप्रेम और राष्ट्रसेवा का एक अनूठा उदाहरण है। हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए उनका जीवन प्रेरणा पुंज के समान है। इस अभूतपूर्व निर्णय हेतु यशस्वी प्रधानमंत्री श्री मोदी जी का हार्दिक अभिनंदन।...////...