23-Jan-2022 02:59 PM
6669
देहरादून, 23 जनवरी (AGENCY) उत्तराखंड में आसन्न विधानसभा चुनावों के लिये लम्बी प्रतीक्षा के बाद कांग्रेस ने शनिवार रात पौने 12 बजे प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। इस सूची में कुल 53 नाम हैं जिसमें केवल तीन महिलाएं शामिल हैं।
पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी इस सूची में सभी मौजूदा विधायकों को उनके पुराने ही स्थानों से खड़ा किया गया है। पुरोला के विधायक राजकुमार पहले ही पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जा चुके हैं। खटीमा सीट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ पार्टी ने भुवन चंद्र कापड़ी को मैदान में उतारा है। पहली सूची में तीन महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है।
घोषित सूची में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल श्रीनगर, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह परंपरागत सीट चकराता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल जागेश्वर, पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य बाजपुर (सुरक्षित) तो उनके पुत्र संजीव आर्य को नैनीताल (सुरक्षित) से प्रत्याशी बनाया गया है। इसके साथ ही, कांग्रेस के वर्तमान विधायक केदारनाथ से मनोज रावत, चकराता से प्रीतम सिंह, भगवानपुर से ममता राकेश, पिरान कलियर से फुरकान अहमद, मंगलौर से काजी निजामुद्दीन, धारचूला से हरीश धामी, रानीखेत से करण महरा, जागेश्वर से गोविंद सिंह कुंजवाल, जसपुर से आदेश चौहान के नाम भी शामिल हैं। पुरोला सुरक्षित सीट पर विधायक रहे राजकुमार के भाजपा में जाने के बाद भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए मालचंद को टिकट दिया है जबकि हल्द्वानी में पार्टी की दिग्गज नेता रहीं इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद इस पर पार्टी ने उनके पुत्र सुमित हृदयेश पर दांव खेला है।...////...