09-Aug-2022 11:39 PM
8426
जयपुर, 09 अगस्त (AGENCY) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बांसवाड़ा के मानगढ़ एवं सांगडूंगरी में 399 करोड़ रूपए के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
श्री गहलोत ने विश्व आदिवासी दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन हमें आदिवासियों की कठिनाईयों और समस्याओं के समाधान के लिए चिंतन और मनन करने का अवसर प्रदान करता है। राज्य सरकार ने इसके महत्व को ध्यान में रखते हुए आज के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
उन्होंने आदिवासियों के ऎतिहासिक तीर्थ मानगढ़ धाम पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आदिवासियों के सर्वांगीण उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। आदिवासी क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों को मूर्त रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मानगढ़ शहीद स्मारक पर नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की और गोविन्द गुरू तथा मानगढ़ के शहीदों को याद कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मानगढ़ में जन समूह द्वारा परम्परागत साफा व अंगी पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने मानगढ़ में 291.77 करोड़ रूपए के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के 88.30 करोड़ रूपए की लागत के 33 कार्य, सार्वजनिक निर्माण विभाग के लगभग 74 करोड़ रूपए के 6 कार्य, जल संसाधन विभाग का 129 करोड़ रूपए के कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने 65 करोड़ रूपए की लागत के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण भी किया।
श्री गहलोत ने कहा कि आदिवासियों के तीर्थ मानगढ़ धाम के विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मानगढ़ धाम पर धर्मशाला की मांग पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास एवं जलसंसाधन मंत्री महेन्द्रजीतसिंह मालवीया के विधायक मद से धर्मशाला बनवाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने आदिवासी क्षेत्रों के विकास तथा आदिवासियों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि जनजाति क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं जिससे यहां के आदिवासी बच्चों को डॉक्टर बनने के अवसर प्राप्त होंगे। नई पीढ़ी के सुनहरे भविष्य निर्माण के लिए अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गए हैं। उन्होंने आदिवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पढ़ा-लिखा कर उनका भविष्य संवारें।
श्री गहलोत ने कहा कि सरकार की मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से हर परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है। इसमें प्रति परिवार 10 लाख रूपये तक के स्वास्थ्य बीमा के साथ ही कॉकलियर इम्पलांट व बॉन कैंसर जैसी महंगी बीमारियों के भी निःशुल्क ईलाज की व्यवस्था की गई है। किडनी, लीवर व हार्ट जैसे ट्रांसप्लांट में 10 लाख रूपए की सीमा लागू नहीं होती है। इसका सारा खर्चा सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने समारोह में बागीदौरा एवं आनंदपुरी के अस्पताल की क्षमता विस्तार कर 100 शैय्याओं का किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सेवा ही हमारा कर्म और धर्म है।
समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अजय माकन ने कहा कि देश की आजादी में आदिवासियों का अहम योगदान रहा है। राजस्थान सरकार आदिवासियों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य कर रही है।
जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने कहा कि मानगढ़ धाम के विकास और इसकी ऎतिहासिक महत्व से भरी ख्याति को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मुख्यमंत्री का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि आदिवासी इलाकों में राज्य सरकार द्वारा बांध, सड़कें, पुल आदि बनाए गए हैं। आधारभूत सुविधाओं के विकास से आदिवासियों का जनजीवन काफी सुलभ हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों एवं जरूरतमन्दों के विकास के लिए हमेशा कटिबद्ध रही है। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना तथा महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जैसे नवाचारों से निर्धन परिवारों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल रही है।
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने विश्व आदिवासी दिवस को मानगढ़ धाम में मनाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा आदिवासियों से सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा के सांगडूंगरी में 42 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले अनास पुल की आधारशिला रखी।...////...