आम आदमी पार्टी नेता निर्मल सिहं मोहरा कांग्रेस में शामिल
05-Jan-2024 07:13 PM 6675
नयी दिल्ली, 05 जनवरी (संवाददाता) हरियाणा में आम आदमी पार्टी(आप) के बड़े नेता निर्मल सिंह मोहरा तथा चित्रा सरवारा शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गये। ‘आप’ छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए इन नेताओं ने शुक्रवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के हरियाणा के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया, प्रदेश अध्यक्ष उदय भान, विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पार्टी सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस नेताओं ने इस मौके पर कहा कि आज का दिन हरियाणा कांग्रेस कमेटी के लिए बहुत ही ऐतिहासिक है। श्री निर्मल सिंह मोहरा और सुश्री चित्रा सरवन के आने से कांग्रेस को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी। सिंह के साथ ही आम आदमी पार्टी के 256 पदाधिकारी भी कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि श्री निर्मल सिंह मोहरा फिर पार्टी में शामिल हो गये हैं। इससे पहले वह पार्टी में रहते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर काम चुके हैं। कांग्रेस में जो नेता शुरू से रहे और विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी आज वही लोग फिर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैँ और यह कांग्रेस के लिए खुशी की बात है। श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा,“आज देश का प्रजातंत्र खतरे में है, इसलिए हम सभी का फर्ज है कि साथ मिलकर कांग्रेस को मजबूत करें। निर्मल सिंह मोहरा जी और चित्रा सरावरा जी के आने से कांग्रेस को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।” इस मौके पर श्री मोहरा ने कहा, “आज मैं अपने घर वापस आया हूं। यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। मैं कांग्रेस के नेतृत्व का बहुत आभारी हूं। आप सभी के समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।” सुश्री चित्रा सरवारा ने कहा, “आज पूरे देश में अगर भाजपा और उनकी ताकतों को कोई चुनौती दे रहा है तो वह राहुल गांधी जी हैं। हम कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और युवा साथियों के साथ एक नई ऊर्जा लिए सशक्त लड़ाई लड़ेंगे। आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^