आप का भाजपा पर उसके पार्षदों को खरीदने का आरोप
28-Dec-2021 11:30 PM 8297
चंडीगढ़, 28 दिसम्बर(AGENCY) आम आदमी पार्टी(आप) पंजाब मामलों के सह प्रभारी और दिल्ली के विधायक राघव चड्ढा ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों में जीते उसके पार्षदों को खरीदने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। श्री चड्ढा ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी पार्षदों को भाजपा की इस कथित ओच्छी हरकत को जनता के समक्ष लाने के लिये अपने मोबाइल फोन रिकॉर्डिंग मोड पर डालने की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्षदों के घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने अफसोस व्यक्त किया कि पार्षदों की खरीद फरोख्त को कथित तौर पर भाजपा के पंजाब प्रदेश मामलों के प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत और पार्टी के चंडीगढ़ के वरिष्ठ नेताओं ने अंज़ाम दिया है। उन्होंने दावा किया कि बीती देर रात उनकी पार्टी के तीन पार्षदों से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सम्पर्क किया और उन्हें पैसे का लालच दिया गया। उन्होंने दावा किया कि दो पार्षदों को 50-50 लाख रुपये और एक को 75 लाख रुपये की पेशकश की गई। इसके अलावा उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से मिलने सहित कई अन्य प्रलोभन दिये गये। उन्होंने कहा कि आप के पार्षद भाजपा के किसी भी झांसे या लालच में आने वाले नहीं हैं। श्री चढडा ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा की गंदी राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पडऩे पर कानूनी कार्रवाई भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इसी माह चंडीगढ़ निगम चुनाव में पार्टी के विजयी उम्मीदवारों का उत्साह बढ़ाने और हारने वाले उम्मीदवारों को प्रोत्साहित करने के लिए चंडीगढ़ आ रहे हैं। इस दौरान वह एक बैठक भी करेंगे जिसमें आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^