अधिवक्ता सतीश उके के घर ईडी की छापेमारी
31-Mar-2022 07:27 PM 3966
नागपुर 31 मार्च (AGENCY) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने जाने माने अधिवक्ता सतीश उके के महाराष्ट्र के नागपुर स्थित आवास पर गुरुवार को छापेमारी की। रिपोर्ट लिखे जाने तक ईडी के अधिकारी वकील के आवास पर छापामारी कर रहे थे। ईडी द्वारा छापामारी के कारण की पुष्टि हालांकि अभी तक नहीं हो सकी। उल्लेखनीय है कि अधिवक्ता उके ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और अब राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) देवेन्द्र फडनवीस के चुनावी हलफनामे को चुनौती दी थी। इसके अलावा उन्होंने न्यायमूर्ति लोया की मौत के मामले की भी जांच की थी। श्री लोया की नागपुर में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उन्होंने बॉम्बे उच्च न्यायालय में एक याचिका भी दायर की थी, जिसमें दिवंगत न्यायमूर्ति लोया के परिवार को सरकारी मुआवजे की मांग की गई थी। इस दौरान उन्होंने सरकारी दस्तावेजों के आधार पर कहा था कि जज मृत्यु के समय सरकारी काम के लिए नागपुर में थे। हाल ही में उन्होंने फोन टैपिंग मामले में कांग्रेस नेता नाना पटोले की ओर से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी रश्मि शुक्ला के खिलाफ 500 करोड़ रुपये के मानहानि का मुकदमा दायर किया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^