11-Dec-2021 04:25 PM
2873
लंदन/नयी दिल्ली,11 दिसंबर (AGENCY) अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) ने 2022-2023 के लिए भारत को फिर से सदस्य निर्वाचित किया है।
ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग ने यह जानकारी दी।
उच्चायोग ने कहा कि आईएमओ में भारत के प्रतिनिधिमंडल में उपस्थित सदस्य हमारे तय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी सदस्यों के साथ काम करने के लिए तत्पर हैं।
उच्चायोग ने ट्वीट किया, “ भारत को अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) परिषद के लिए फिर से चुना गया है। आईएमओ में भारत का प्रतिनिधिमंडल सभी सदस्य देशों को तहे दिल से धन्यवाद देता है। हम अपने साझा लक्ष्यों की उपलब्धि के लिए सभी के साथ काम करने के लिए तत्पर हैं।”
आईएमओ ने एक बयान में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन की सभा ने 2022-2023 द्विवार्षिक के लिए अपनी परिषद के सदस्यों को चुना है। परिषद आईएमओ का कार्यकारी अंग है और असेंबली के तहत संगठन के काम की निगरानी के लिए जिम्मेदार है। परिषद समुद्री सुरक्षा और प्रदूषण की रोकथाम पर सरकारों को सिफारिशें करने के अलावा अन्य कार्यों को भी संभालता है।
भारत को बी श्रेणी के राज्यों के तहत चुना गया है। इसमें दस ऐसे देश भी हैं, जो अंर्तराष्ट्रीय समुद्री व्यापार में अधिक रूचि लेते हैं। भारत के अलावा अन्य चुने गए देशों में ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, स्पेन, स्वीडन और संयुक्त अरब अमीरात हैं।...////...