अर्पिता घोष ने राज्यसभा की सदस्यता से दिया इस्तीफा
15-Sep-2021 11:44 PM 1417
नयी दिल्ली, 15 सितंबर ( वार्ता ) तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद अर्पिता घोष ने इस्तीफा दे दिया है और उनके इस्तीफे को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने इसे मंजूर भी कर लिया है। राज्यसभा सचिवालय की ओर से एक अधिकारिक तौर पर बुधवार को इसकी जानकारी दी गयी। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने सांसद पद से इस्तीफा दिया है। माना जा रहा है कि सुश्री घोष को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि सुश्री घोष उन सांसदों में शामिल थीं, जिन पर संसद के मॉनसून सत्र के दौरान हंगामा करने और मार्शलों से उलझने का आरोप लगा था। इस मामले में उनको निलंबित भी किया गया था। सुश्री घोष रंगमंच और अभिनय के क्षेत्र से जुड़ीं रहीं हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^