अरुणाचल में सड़क हादसे में चार की मौत, पांच घायल
10-Jun-2023 10:13 PM 7027
ईटानगर, 10 जून (संवाददाता) अरुणाचल प्रदेश के कामले जिले में शनिवार को गोडक-रागा मार्ग पर केमलिको गांव के निकट सड़क हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतकों की पहचान तगाम बाजा, लोंगकु टाड, यमन ला और सैफुल इस्लाम के रूप में की गयी है। वहीं, घायलों में बाजा येकिर, युगुम थापा, अजीत टुडू, सग्ग मुरी और वाहन का चालक प्रदीप सिंह शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि यात्री वाहन टाटा सूमो अपर सुबनसिरी जिले के मुख्यालय दापोरिजो से ईटानगर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। कामले जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) तारु गुसर ने बताया कि नौ यात्रियों को लेकर दापोरिजो से ईटानगर जा रही एक टाटा सूमो आज सुबह केमलिको गांव के पास सुबह आठ से नौ बजे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को रागा जिला अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और मेडिकल टीम, ग्रामीणों और आम लोगों के साथ शवों को निकालने और घायल यात्रियों को बचाने का काम किया। एसपी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए ईटानगर ले जाया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गयी है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^