बड़वाह के दिव्यांग चित्रकार आयुष को पीएम ने दुलारा
24-Mar-2022 09:39 PM 6661
खरगोन, 24 मार्च (AGENCY) भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खरगोन जिले के बड़वाह के दिव्यांग चित्रकार आयुष कुंडल ने आज अपने द्वारा बनाया स्वामी विवेकानंद का चित्र भेंट किया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार आयुष कुंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज मुलाकात कर पैरों की उंगलियों से बनाया गया स्वामी विवेकानंद का चित्र भेंट किया। क्षेत्रीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के सहयोग से हुई इस 15 मिनट की मुलाकात में आयुष ने अपने सपनों के बारे में भी प्रधानमंत्री के समक्ष बात रखी। आयुष के साथ गये जितेंद्र सुराणा ने जानकारी दी कि 25 वर्षीय आयुष सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित है तथा अपने समस्त कार्यों के लिए माता पर ही निर्भर है। कक्षा 8 में अध्ययनरत आयुष अपने पैरों की सहायता से ड्राइंग और स्केचिंग बनाते हैं और उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल भी लांच किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उनको दुलार करते हुए इस भेंट को अविस्मरणीय बताया और आयुष के ट्विटर हैंडल को फॉलो किया। उन्होंने आयुष के यूट्यूब चैनल की लिंक भी शेयर की है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^