बंगाल विधानसभा में अराजकता फैला रही है भाजपा: ममता
09-Mar-2022 10:30 PM 7562
कोलकाता 09 मार्च (AGENCY) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और भाजपा विधायकों पर राज्य विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। भाजपा के दो विधायकों को गत सात मार्च को बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान हंगामा करने के मामले में बजट सत्र की शेष अवधि से निलंबित किये जाने के बाद पार्टी के सभी विधायकों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया। इस पर सुश्री बनर्जी ने बुधवार को भाजपा पर निशाना साधा और पार्टी विधायकों पर विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। सदन में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी के दो सांसदों सुदीप मुखर्जी और मिहिर गोस्वामी को शेष सत्र के लिए अध्यक्ष विमान बनर्जी द्वारा निलंबित किए जाने के बाद अपने विधायकों के साथ बहिर्गमन का नेतृत्व किया। पार्टी के दोनों विधायकों पर से निलंबन आदेश वापस लेने की श्री अधिकारी की मांग पूरी नहीं होने के बाद भाजपा विधायकों ने बहिर्गमन किया। बाद में श्री अधिकारी ने कहा कि दोनों निलंबित विधायक नियमित रूप से आएंगे और विधानसभा परिसर की लॉबी में बैठेंगे। मुख्यमंत्री एवं सदन की नेता सुश्री बनर्जी ने राज्यपाल जगदीप धनखड़ के अभिभाषण का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सदन में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सात मार्च को हुए व्यवधान के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब से विधानसभा चुनाव में सीट नहीं मिलनी चाहिए, क्योंकि वह लोगों की आवाज नहीं सुनती है। उन्होंने भाजपा पर दंगे भड़काने और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को बदनाम करने का भी आरोप लगाया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^