15-Jan-2022 07:10 PM
8863
ढाका 15 जनवरी (AGENCY) बंगलादेश ने भारत में नियुक्त अपने उच्चायुक्त (एचसी) मोहम्मद इमरान के कार्यकाल को तीन साल के लिए बढ़ा दिया है।
श्री इमरान को बंगलादेश सरकार ने 27 फरवरी, 2019 को नयी दिल्ली में बंगलादेश के एचसी के रूप में नियुक्त किया था। नवीनीकृत अवधि 26 फरवरी, 2022 से प्रभावी होगी।
लगभग एक दशक के बाद, बंगलादेश के एक पेशेवर राजनयिक ने भारत में उच्चायुक्त का पदभार ग्रहण किया है। भारत में नियुक्त होने से पहले, वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में बंगलादेश के राजदूत थे।
श्री इमरान ने भारत में सैयद मोअज्जम अली का स्थान लिया। पूर्व विदेश सचिव अली सितंबर 2014 से भारत में कार्यकारी उच्चायुक्त का कार्य कर रहे हैं। पूर्व राजनयिक तारिक ए. करीम 2009 से 2014 के मध्य तक भारत में बंगलादेश के उच्चायुक्त रहे थे।
बीसीएस (विदेश कैडर) 1986 बैच के अधिकारी इमरान ने मैमनसिंह मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। यूएई से पहले, उन्होंने उज्बेकिस्तान में बंगलादेश के राजदूत के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा श्री इमरान कोलकाता में बंगलादेश के डिप्टी एचसी भी रह चुके हैं।
विदेश मंत्रालय में नियुक्त होने के बाद, उन्होंने ढाका के साथ-साथ जेद्दा, ओटावा, बॉन और बर्लिन में बंगलादेश मिशन में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। वह 10 जनवरी, 2010 को प्रधान मंत्री शेख हसीना की भारत यात्रा के दौरान दक्षिण एशिया डेस्क के महानिदेशक थे। इस यात्रा के बाद से बंगलादेश-भारत द्विपक्षीय संबंध नए सिरे से आगे बढ़ रहे हैं जो अब भी जारी है।...////...