बीजापुर में पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ में ग्यारह नक्सली ढेर, दो जवान घायल
10-May-2024 08:01 PM 5661
बीजापुर, 10 मई (संवाददाता) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पीड़ा के जंगलों में आज सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ में देर शाम तक मृतक नक्सलियों की संख्या बढ़कर ग्यारह हो गयी है। वहीं, दो जवान घायल हो गए हैं। मौके से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं। सर्चिंग अभी भी जारी है। दक्षिण बस्तर क्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप ने बताया कि बीजापुर जिला मुख्यालय से 55 किलोमीटर दूर पीड़ा के जंगलों में नक्सलियों की बड़े लीडर की सूचना पर दंतेवाड़ा, बीजापुर तथा सुकमा तीन जिलों के जवानों द्वारा आज सुबह से संयुक्त ऑपरेशन लॉच किया गया। इसमें जिला रिजर्व पुलिस बल, स्पेशल टास्क फोर्स, केन्द्रीय सुरक्षा बल सहित कोबरा बटालियन समेत 12 सौ से अधिक जवानों ने इलाके को घेर लिया था। श्री कमलोचन ने बताया कि सुबह से जारी मुठभेड़ के बाद सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक नक्सलियों के ग्यारह शव बरामद किए गए हैं और भारी मात्रा में हथियार मिले हैं, जिसमें बारह बंदूकें भी शामिल हैं। उधर, मुठभेड़ के दौरान पास के ही केन्द्रीय सुरक्षा बल के कैम्प से पुलिस के उच्च अधिकारी कमान संभाले हुए थे। इस मुठभेड़ में दो जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^