भाजपा जातीय जनगणना के विरोध में कभी नहीं रही : सुशील
02-Jun-2022 08:55 PM 7862
पटना 02 जून (AGENCY) बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कभी भी जातीय जनगणना के विरोध में नहीं रही और राज्य विधानसभा एवं विधान परिषद में दो-दो बार सर्वसम्मत प्रस्ताव भाजपा की सहमति से ही पारित हुआ। भाजपा के राज्यसभा सांसद श्री मोदी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा कभी भी जातीय जनगणना के विरोध में नहीं रही। बिहार विधानसभा और विधान परिषद में दो-दो बार सर्वसम्मत प्रस्ताव भाजपा की सहमति एवं भाजपा-जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सरकार के कार्यकाल में ही पारित हुआ। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कभी प्रस्ताव क्यों नहीं आया। श्री मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र और उड़ीसा विधानसभा से भी सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित हुआ, जहां भाजपा महत्वपूर्ण पार्टी थी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा विरोध में होती तो वह कभी बिहार में अपने वरिष्ठ मंत्री जनक राम एवं झारखंड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को प्रधानमंत्री से मिलने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं कराती। भाजपा सांसद ने कहा कि राजद तो वर्ष 2004 से 2014 तक केंद्र सरकार में शामिल थी तो उसने वर्ष 2011 की जनगणना में जाति का एक कॉलम क्यों नहीं जुड़वाया। उन्होंने कहा कि भाजपा यदि विरोध में होती तो वर्ष 2011 की सामाजिक आर्थिक जातीय जनगणना केंद्र के लिए कराना असंभव हो जाता। राजद अनावश्यक श्रेय लेने का प्रयास ना करें। इसका इतिहास तो रहा है कि उसने पंचायत और नगर निकाय चुनाव में पिछड़ों को बिना आरक्षण दिए चुनाव करा दिया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^