भाजपा की विकास यात्राएं मतदाताओं को गुमराह करने के लिए : कमलनाथ
19-Jan-2023 07:29 PM 1482
भोपाल, 19 जनवरी (संवाददाता) मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने आज आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा प्रदेश के मतदाताओं को गुमराह करने के लिए हैं। श्री कमलनाथ ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा की ये यात्राएं मतदाताओं को गुमराह करने के लिए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश के मतदाताओं पर पूरा भरोसा है कि वे आने वाले समय में सही मतदान करके प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को 'हिसाब' यात्रा करनी चाहिए, जिसमें वे मध्यप्रदेश की जनता को अपने 18 वर्षों के कामों का हिसाब दें। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की ध्यान भटकाने की साजिश को अच्छी तरह समझ रही है। श्री कमलनाथ ने आरोप लगाया कि प्रशासन की मदद के बिना भाजपा का कोई कार्यक्रम संभव नहीं हो सकता। यात्रा में प्रशासन को भीड़ एकत्रित करने का टारगेट दिया जाएगा, लेकिन अब जनता सब कुछ भली-भांति समझ रही है। प्रदेश भाजपा की आगामी पांच फरवरी से विकास यात्रा शुरू हो रही हैं। कांग्रेस संगठन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि समय-समय पर संगठन में बदलाव होते रहते हैं। हाल ही में संगठन के चुनाव संपन्न हुए, हर जिले से रिपोर्ट प्राप्त हो गई है, सभी से विचार-विमर्श करके आगे निर्णय लिए जाएंगे। श्री कमलनाथ ने कहा कि पार्टी का संगठन पूरी तरह सक्रिय है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^