भाजपा केंद्रीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन
15-Aug-2024 06:29 PM 1314
नयी दिल्ली, 15 अगस्त (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय कार्यालय में 78वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अरुण सिंह, राधामोहन अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख डॉ. संजय मयूख, पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। श्री नड्डा ने उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। समूचे देश में खुशनुमा माहौल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर अमृत काल में देश के युवा, किसान, महिला, आदिवासी, दलित समेत सभी लोग सभी भारत को 'विकसित राष्ट्र' बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा प्रजातंत्र और प्रजातांत्रिक देश है। लोकतंत्र की जननी भारत जब अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और अपने शहीदों, वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद कर रहा है। जिन्होंने भारत को आजाद कराने के लिए अपनी शहादत दी और उनके माध्यम से हमलोगों को आजादी मिली है। हम लोग उस आजादी को संजोकर और संभाल कर रखना है और देश को “विकसित राष्ट्र” बनाने के लिए परिश्रम करना है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा “प्रधानमंत्री ने लालकिले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए आने वाले समय में देश के लिए लक्ष्य निर्धारित किये हैं। फिर चाहे वो ज्ञान का क्षेत्र, विज्ञान का क्षेत्र, स्वास्थ्य का क्षेत्र, आर्थिक जगत का क्षेत्र हो या फिर मानवता से जुड़े हुए पैमाने हों। हमें सभी क्षेत्रों में भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में आगे ले जाना है। इसीलिए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के साथ सभी कार्यकर्ताओं का यह कर्तव्य बनता है कि हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में कोई कसर न छोड़े और देश के सभी लोगों को अपने साथ लेकर इस भव्य यात्रा में पूरा योगदान करें।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^