भाजपा ने कांग्रेस की परिवारवादी सोच को किया पराजित : डा शर्मा
02-May-2022 10:51 PM 6433
लखनऊ 02 मई (AGENCY) उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के परिवारवादी व व्यक्तिवादी सोच को पराजित किया है। भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2014 में भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण के कारण ही यह संभव हो सका। 2014 में जब श्री मोदी को चुनाव प्रचार अभियान की बागडोर सौंपी गई थी तो उन्होंने कहा था कि पार्टी जो भी कार्य उन्हें देगी वे उसे निष्ठा से करेंगे। यह उसी निष्ठा का परिणाम है कि आज भाजपा पूरे विश्व में शिखर पर है। अनुशासन, त्याग और समर्पण ही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जब ठान लेता है तो बड़ी से बड़ी चुनौती पर विजय प्राप्त करता है। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 2012 के चुनाव के बाद राजनैतिक परिस्थितियां जब भाजपा के प्रतिकूल थी ऐसे समय इन्ही कार्यकर्ताओं के बल पर नेता सफलता प्राप्त करता है। लखनऊ की विकास यात्रा को अटल जी ने आरंभ किया था उसे लालजी टंडन ने आगे बढ़ाया और आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह उसे नई ऊंचाईयों की ओर ले जा रहे हैं। आज लखनऊ एक अंतर्राष्ट्रीय शहर के रूप में विकसित हो रहा है। डा शर्मा ने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का प्रतिफल है कि पिछले 8 साल से भाजपा की केन्द्र सरकार देश के विकास के पहिये को तेजी से चला रही है। डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने काश्मीर के बारे में जो कल्पना की थी मोदी सरकार ने धारा 270 हटाकर काश्मीर में विकास की एक नई पटकथा लिखकर उसे आगे बढ़ाया है जिसके कारण आज काश्मीरी अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^