22-Apr-2022 09:01 PM
8808
नयी दिल्ली 22 अप्रैल (AGENCY) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) औऱ समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने शुक्रवार को दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके का दौरा किया, जहां हनुमान जयंती के दिन हिंसा होने के बाद बुधवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) ने इलाके में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया था।
भाकपा प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व पार्टी के महासचिव डी राजा और सपा का नेतृत्व पार्टी के लोकसभा सदस्य शफीकुर्रहमान बर्क ने की।
घटनास्थल पर तैनात पुलिस बल ने इन नेताओं को 16 अप्रैल को सांप्रदायिक हिंसा के प्रत्यक्षदर्शी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित नगर निकाय के अतिक्रमण विरोधी अभियान से प्रभावित हुए लोगों से मिलने की अनुमति नहीं दी।
भाकपा नेता राजा ने संवाददाताओं से कहा,“उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद एक घंटे से अधिक समय तक बुलडोजर चला। बिना नोटिस दिए इस तरह की कार्रवाई असंवैधानिक है। हम यहां पीड़ितों से मिलने आए हैं।”
उन्होंने कहा,“राजनीतिक दल जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। हम यहां इसलिए हैं क्योंकि हम लोगों के दुख-दर्द में उनके साथ रहते हैं।”
भाकपा के प्रतिनिधि मंडल में लोकसभा सदस्य विनय विस्वम, पल्लव सेन गुप्ता और अन्नी राजा शामिल थे।
सपा नेता बर्क ने सत्तारूढ़ दल भाजपा पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा,“बुलडोजर का प्रयोग पहले उत्तर प्रदेश में किया गया, फिर मध्य प्रदेश औऱ अब दिल्ली में इसका उपयोग किया जा रहा है। यह नियम बन चुका है।”
उन्होंने कहा कि यह असंवैधानिक है।
इससे पहले, दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अनिल चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को इलाके का दौरा किया था और अभियान में प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे की मांग की थी।
इस दौरान, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया।...////...