भारत और इंडोनेशिया रक्षा उद्योग और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढायेंगे
03-May-2024 09:23 PM 7868
नयी दिल्ली 03 मई (संवाददाता) भारत और इंडोनेशिया ने रक्षा उद्योग और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्रों में तथा बहुपक्षीय स्तर पर सहयोग बढाने पर सहमति व्यक्त की है। रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय में महासचिव एयर मार्शल (सेवानिवृत) डॉनी एर्मावान तौफांटो ने शुक्रवार को यहां भारत-इंडोनेशिया संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक की सह-अध्यक्षता की। बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग के बढ़ते दायरे पर संतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में सहयोग और रक्षा उद्योग सहयोग पर कार्य समूहों की बैठकों में विभिन्न पहलों पर हुई प्रगति की भी समीक्षा की। दोनों पक्षों ने विशेष रूप से रक्षा उद्योग संबंधों, समुद्री सुरक्षा और बहुपक्षीय स्तर पर सहयोग का दायरा बढाने पर सहमति व्यक्त की तथा इसकी संभावनाओं का पता लगाने पर जोर दिया। महासचिव तौफांटो ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के मुख्यालय के साथ-साथ पुणे में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और एल एंड टी रक्षा सुविधाओं का दौरा किया। उन्होंने भारत फोर्ज, महिंद्रा डिफेंस और मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड जैसे अन्य भारतीय रक्षा उद्योग भागीदारों के साथ भी विचार-विमर्श किया और अनुसंधान तथा संयुक्त उत्पादन में सहयोग के माध्यम से रक्षा औद्योगिक क्षमताओं को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान से भी मुलाकात की। वह यहां राष्ट्रीय युद्ध स्मारक भी गये और शहीदाें को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। भारत और इंडोनेशिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है और वे भारत-प्रशांत पर साझा दृष्टिकोण रखते हैं। इंडोनेशिया भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और हिन्द प्रशांत क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण भागीदार है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^