17-Sep-2022 09:28 PM
2725
ढाका, 17 सितंबर (संवाददाता) बंगलादेश में भारत के निवर्तमान उच्चायुक्त विक्रम कुमार दोराईस्वामी ने कहा है कि बंगलादेश सरकार आगामी चुनावों को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत आगामी संसदीय चुनावों को सभी दलों की भागीदारी के साथ स्वतंत्र, स्वच्छ और निष्पक्ष देखना चाहता है।
श्री दोराईस्वामी ने शनिवार (17 सितंबर) की सुबह सावर राष्ट्रीय स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से यह बात कही। उन्होंने कहा,“हम बंगलादेश के लोगों को खुश देखना चाहते हैं। उनका विकास चाहते हैं और एक सफल लोकतंत्र देखना चाहते हैं। आपका लोकतंत्र आपका संतुलित विकास है।”
उन्होंने कहा कि भारत हमेशा बंगलादेश और उसके लोगों के साथ खड़ा रहा है और उसका विकास चाहता है तथा उसे खुश देखना चाहता है।उन्होंने कहा,“बंगलादेश सरकार आगामी चुनावों को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत आगामी संसदीय चुनावों को सभी दलों की भागीदारी के साथ स्वतंत्र, स्वच्छ और निष्पक्ष देखना चाहता है।”
श्री दोराईस्वामी ने कहा कि उन्होंने अब तक अपने कार्यकाल के दौरान बंगलादेश की सफलता देखी है। उन्होंने कहा,“हमारे मैत्रीपूर्ण संबंधों में सुधार हुआ है। यह जारी रहना चाहिए। मैं यही चाहता हूं।”
उस समय सावर सर्कल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहिदुल इस्लाम, आशुलिया राजस्व मंडल के सहायक आयुक्त (भूमि) अनवर हुसैन, सावर लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अभियंता अल अहसान अतीक और अन्य भी श्री दोराईस्वामी के साथ थे।...////...