भारत के चाय काल तक तीन विकेट के नुकसान पर 111 रन
03-Dec-2021 03:30 PM 8288
मुंबई, 03 दिसंबर (AGENCY) भारतीय क्रिकेट टीम ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को चाय काल तक तीन विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए। बारिश के कारण खेल प्रभावित रहा। यहां तक कि सुबह होने वाला पहला सत्र भी नहीं हो पाया। मैच देरी से शुरू होने से चायकाल भी लगभग 40 मिनट लेट हुआ। मौजूदा दूसरा सत्र एक समय पर भारत के लिए काफी अच्छा जा रहा था। सलामी बल्लेबाजों मयंक्र अगवाल और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 80 रन की अच्छी साझेदारी हुई, लेकिन कानपुर टेस्ट की तरह मुंबई की पिच पर भी न्यूजीलैंड के एजाज पटेल की स्पिन गेंदबाजी कारगर साबित हुई। उन्होंने आज चाय काल से पहले भारत को तीन बड़े झटके दिए। सेट बल्लेबाज शुभमन के अलावा उन्होंने भारतीय कप्तान विराट कोहली और वर्तमान में फॉर्म से जूझ रहे चेतेश्वर पुजारा को अपनी फिरकी में फंसाया। शुभमन जहां 44 रन बना कर आउट हुए, वहीं पुजारा और विराट खाता भी नहीं खोल सके। विराट को पगबाधा आउट देने पर हालांकि सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके आउट होने का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिख रहा है कि गेंद पहले बल्ले को छू रही है, लेकिन फिर भी भारतीय अंपायर विरेंद्र शर्मा विराट को आउट दे दिया। इस पर उन्हें जम कर ट्रॉल किया जा रहा है। लगातार तीन विकेट गिरने के बाद भारत अब 111 रन पर खेल रहा है। अच्छी बात यह है कि मयंक अग्रवाल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं जो अच्छे फॉर्म में दिख रहे हैं। श्रेयस पिछले मैच में शतक और अर्धशतक जड़ कर आ रहे हैं, जबकि इस मैच में श्रेयस के साथ-साथ मयंक भी बल्ले के साथ अच्छे दिख रहे हैं। मयंक 52 और श्रेयस सात रन पर खेल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि दोनों ही टीमों में आज कुछ बदलाव देखने को मिले हैं। भारतीय टीम में चोटिल ईशांत शर्मा और रवींद्र जडेजा की जगह पर क्रमश: मोहम्मद सिराज और जयंत यादव खेल रहे हैं। उप कप्तान अजिंक्या रहाणे भी चोट की वजह से बाहर हैं। इस बीच विराट कोहली ने टीम में वापसी की है। वहीं कोहनी की चोट की वजह से बाहर हुए केन विलियम्सन की जगह पर टॉम लेथम न्यूजीलैंड की कप्तानी संभाल रहे हैं। विलियम्सन के स्थान पर बल्लेबाजी लाइनअप में डैरिल मिचेल को शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुताबिक कानपुर टेस्ट में फिल्डिंग के दौरान ईशांत की उंगलियों में चोट लग गई थी। वहीं जडेजा के दाएं बाजू में सूजन है और उनका स्कैन होगा। उन्हें आराम की सलाह दी गई है। उन्हें भी यह चोट कानपुर टेस्ट के दौरान लगी थी। इसके अलावा उप कप्तान रहाणे के बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव है। उल्लेखनीय है कि आज बारिश के कारण मैदान गीला होने से टॉस में देरी हुई। 11.30 बजे टॉस हुआ और 12 बजे मैच शुरू हुआ। सीधे दूसरे सत्र से खेल शुरू हुआ। बारिश के कारण आज केवल 78 ओवरों का खेल खेला जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^