भारत यात्रा के लिए करोड़ों के जेट प्लेन का इंतजार कर रहे हैं नीतीश : सुशील
05-Jan-2023 08:12 PM 5005
पटना 05 जनवरी (संवाददाता) बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा काे लेकर कटाक्ष करते हुए आज कहा कि श्री कुमार भारत यात्रा के लिए करोड़ों के जेट प्लेन का इंतजार कर रहे हैं। श्री मोदी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार विधानसभा के बजट सत्र के बाद देश की यात्रा पर निकलने के लिए 300 करोड़ रुपये के 12-सीटर जेट विमान का इंतजार कर रहे हैं। यह विमान बिहार जैसे गरीब राज्य के पैसे से खरीदा जाना है। उन्होंने कहा कि जब श्री नीतीश कुमार को कोई नेता मान ही नहीं रहा है, कोई राज्य उन्हें बुला नहीं रहा है, तब वे जेट विमान से जाएंगे कहां। भाजपा सांसद ने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तेलंगाना में केसीआर नीतीश कुमार को न तो नेता मान रहे हैं और न ही वे इन क्षेत्रीय दलों के प्रमुखों को एक साथ ला सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और मायावती कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ने को तैयार नहीं हुए। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि जब श्री नीतीश कुमार की विपक्षी एकता की मुहिम फ्लॉप हो चुकी है तब वे देश भर की यात्रा पर क्यों जाना चाहते हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^