भारत, बांग्लादेश ने परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर व्यक्त किया संतोष
29-Oct-2021 09:43 PM 6717
ढाका, 29 अक्टूबर (AGENCY) भारत और बंगलादेश के अधिकारियों ने भारत सरकार के सहयोग से परियोजनाओं को लागू करने में दोनों पक्षों के बीच मजबूत सहयोग पर संतोष व्यक्त किया है। दोनों देशों ने महसूस किया है कि सभी हितधारकों के सक्रिय सहयोग से जिस गति से परियोजनाएं निष्पादित और निविदा चरण तक पहुंच रही हैं, उसमें काफी सुधार हुआ है। दोनों पक्षों ने 27 से 28 अक्टूबर को ढाका में आयोजित 19वीं भारत-बंगलादेश एलओसी समीक्षा बैठक के हिस्से के रूप में भारत सरकार की ऋण योजना के तहत कार्यान्वयन के लिए शुरू की जा रही 43 परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक बैठक की है। बंगलादेश भारत के एलओसी कार्यक्रम के तहत सबसे बड़ा विकास भागीदार है, जिसमें 7.862 अरब अमरीकी डालर लागत वाली चार विकास परियोजनाओं को बंगलादेश में आधारभूत ढांचे के विकास के लिए क्रियान्वित किया गया है। इसके तहत 86.2 करोड़ अमरीकी डालर की पहली एलओसी के तहत, 15 परियोजनाओं में से 12 पहले ही पूरी हो चुकी हैं और तीन परियोजनाओं पर काम चल रहा है। केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्रीधरन मधुसूदनन (डीपीए-I) ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया और बंगलादेश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मोहम्मद शहरयार कादर सिद्दीकी, अतिरिक्त सचिव, ईआरडी, वित्त मंत्रालय, बंगलादेश सरकार ने किया। बंगलादेश में एलओसी परियोजनाओं को क्रियान्वित करने वाली भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया। समीक्षा बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने एलओसी परियोजनाओं पर मजबूत सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। दोनों प्रतिनिधिमंडल के प्रमुखों ने इस तथ्य की सराहना की कि एलओसी परियोजनाओं पर सभी हितधारक लगातार संपर्क में हैं, और परियोजनाओं के शीघ्र निष्पादन के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं। दोनों पक्ष अप्रैल 2022 में दिल्ली में 20वीं द्विपक्षीय एलओसी समीक्षा बैठक आयोजित करने पर सहमत हुए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^