भारतीय तटरक्षक बल ने 27 बंगलादेशी मछुआरों को बचाया
21-Aug-2022 11:41 PM 4879
ढाका 21 अगस्त (AGENCY) भारतीय तटरक्षक बल (आईएसजी) ने प्राकृतिक आपदाओं के कारण बंगाल की खाड़ी में फंसे 27 बंगलादेशी मछुआरों को बचाया है। आईएसजी ने पिछले दो दिनों के मैराथन तलाश अभियान के दौरान कई नावों में फंसे इन मछुआरों को बचाया। आईएसजी सूत्रों के मुताबिक उन्होंने शनिवार को अभियान चलाकर सबसे पहले 10 बंगलादेशी मछुआरों को बचाया। बाद में रविवार को 17 और लोगों को बचाया गया। इन मछुआरों ने तटरक्षक बल के सदस्यों को बताया कि 16 अगस्त को वे बंगालदेश के मोंगला समुद्री बंदरगाह से गहरे समुद्र में मछली पकड़ने गए थे। फिर 19 अगस्त को वे सभी समुद्र के बीच में एक चक्रवात में घिर गए। ये लोग तीन नावों में सवार थे। इनमें से दो नाव तूफान में पलट गई। उसके बाद नाव में सवार मछुआरे पानी में तैरने लगे। सेना के सूत्रों के मुताबिक आपदा के वक्त से ही भारतीय तटरक्षक बल का डोर्नियर विमान हवा में तलाशी अभियान चला रहा था। दूसरी ओर बल के दो बचाव पोत आईसीजीएस अनमोल और आईसीजीएस वरद के सहारे गहरे समुद्र के अलग-थलग क्षेत्र में काम कर रहे थे। उन्हें रविवार सुबह गहरे समुद्र में भारत-बंगलादेश जलक्षेत्र के पास भारतीय जलक्षेत्र में बचाया गया। आईएसजी पश्चिम बंगाल के महानिरीक्षक (डीआईजी) पंकज वर्मा ने संवाददाताओं से बताया कि बचाए गए मछुआरे बल के बचाव पोत में हैं। उन्हें पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया लाया जा रहा है। इन्हें रविवार को ही स्थानीय पुलिस प्रशासन को सौंप दिया जाएगा और इसकी प्रक्रिया जारी है। दोनों देशों के बीच चर्चा के जरिए उन्हें बाद में बंगलादेश भेजने की व्यवस्था की जाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^