भूमिहार समाज को पहली बार भाजपा ने दिया केंद्रीय मंत्री-पद, विधानसभा के 15 टिकट दिये : सुशील
08-May-2022 08:37 PM 6671
पटना 08 मई (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर भूमिहार को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि इस समाज को भाजपा ने पहली बार केंद्रीय मंत्री का पद देने के साथ ही विधानसभा चुनाव में 15 टिकट भी दिए। श्री मोदी ने रविवार को ट्वीट किया, "ब्राह्मण-भूमिहार समाज को भाजपा ने हमेशा यथोचित सम्मान दिया है। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में भूमिहार समाज के 15 और ब्राह्मण समाज के 11 (कुल 26) लोगों को पार्टी ने टिकट दिये जबकि राजद ने इन दोनों जातियों का अपमान करते हुए केवल एक टिकट दिया था।" भाजपा सांसद ने कहा कि भाजपा ने ही भूमिहार समाज को पहली बार केंद्रीय मंत्री का पद दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा कोटे से आज दो कैबिनेट मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष इसी समुदाय से हैं। श्री मोदी ने कहा कि लालू-राबड़ी राज में भूमिहार-ब्राह्मण समाज का जितना अपमान-उत्पीड़न हुआ, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उस दौर में जाति पता कर इनका नरसंहार हुआ और इन्हें पलायन के लिए मजबूर किया गया था। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि ऊंची जातियों को 10 फीसद आरक्षण देने का विरोध करने वाली लालू प्रसाद की पार्टी आज किस मुंह से भूमिहार-ब्राह्मण समाज की हितैषी बन रही है। भाजपा नेता ने कहा कि विधान परिषद का एक चुनाव या उपचुनाव किसी दल पर किसी समाज के भरोसे का एकमात्र पैमाना नहीं हो सकता। सबको पता है कि परिषद के चुनाव किस आधार पर होते हैं। उन्होंने कहा कि हाल के चुनावों में यदि पार्टी से कोई गलती हुई तो उसे सुधारा जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^