बिहार में जंगलराज नहीं, जनता राज है : नीतीश
08-Sep-2022 09:16 PM 4778
पटना 08 सितंबर (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से हाथ मिलाकर महागठबंधन सरकार बनाने के बाद से प्रदेश में जंगलराज कायम होने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों पर लोगों को निश्चिंत होकर रहने का भरोसा दिलाते हुए आज दावा किया कि राज्य में जंगलराज नहीं जनता राज चल रहा है। श्री कुमार ने गुरुवार को गया से पटना लौटने के बाद हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान श्री तेजस्वी प्रसाद यादव के साथ आने से बिहार में जंगलराज आने के विपक्ष के आरोपों के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, “यहां कहां जंगलराज आ गया है। यहां पर यदि कोई घटना घट गई तो आप जरा बता दीजिये कि इस दुनिया में कोई देश या राज्य है जहां पर कोई झंझट आपस में नहीं करता है। बिहार में जंगलराज नहीं जनता राज चल रहा है। यहां जनता राज है, आप सभी निश्चिंत से रहिए।” मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सब यंग (युवा) हैं। याद कीजिये, हमलोग यंग एज (युवा अवस्था) में कितना संघर्ष किये हैं। इसे याद रखियेगा।” उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा की कार्यशैली को लेकर प्रदेशवासियों को हिदायत देते हुए कहा कि ये लोग कुछ अलग सोच वाले हैं और हमलोग काम करने वाले हैं। समाज के हर तबके को एकजुट करना हमारा दायित्व है। जो पीछे रह गया है उसे आगे बढ़ाना, राज्य एवं देश को भी आगे बढ़ाने के लिये हमलोग काम कर रहे हैं। श्री कुमार ने कहा कि जनसंख्या कम करने के लिए भी हर प्रकार से काम किया जा रहा है। लड़कियों को शिक्षित किया जा रहा है। पहले बिहार कह प्रजनन दर 4.3 थी, जो लड़कियों के शिक्षित होने से अब घटते-घटते 2.9 पर आ गई है। अब उसी तरह से इसे और कम किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमलोग तो काम करते हैं लेकिन हमलोगों के काम की कोई पब्लिसिटी (प्रचार) नहीं होती है। पब्लिसिटी तो हमलोगों के खिलाफ होता है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नही है के सवाल पर कहा कि समय आने पर सब पता चल जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^