उपचुनाव में भाजपा ने उतारी 22 मंत्रियों की फौज, इस बात की शिकायत ले आयोग पहुंची कांग्रेस
29-Sep-2021 09:22 PM 6831
मध्यप्रदेश में खंडवा लोकसभा, पृथ्वीपुर, रैगांव व जोबट विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के ऐलान के साथ ही सियासत तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के पार्टी नेतृत्व ने उपचुनाव जीतने के लिए ताकत झोंकने के लिए कमर कस ली है। जहां भाजपा ने मंत्रियों को अलग-अलग सीटों की जिम्मेदारी दे दी है तो कांग्रेस ने भी सरकार के खिलाफ चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया है। दोनों दलों ने नियुक्तियां भी कर दी हैं। मंगलवार को चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश सहित देशभर में विभिन्न राज्योंं में रिक्त लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का ऐलान किया था। इसके बाद रात को ही शिवराज सरकार ने मंत्रियों की बैठक बुलाई और 22 मंत्रियों को इस उपचुनाव में जिम्मेदारी दे दी। इन मंत्रियों के बीच एक लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों को बांटा गया है। इसके साथ ही सभी सीटों के उपचुनाव में समन्वय के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह की नियुक्ति की गई है। इधर, कांग्रेस भी इसमें पीछे नहीं रही है। लोकसभा उपचुनाव के लिए पूर्व मंत्री मुकेश नायक को प्रभारी और राजकुमार पटेल को सह प्रभारी बनाया है। इसके पहले पार्टी जोबट उपचुनाव क्षेत्र में विधायक रवि जोशी, रैगांव के लिए पूर्व मंत्री लखनलाल घनघोरिया और पृथ्वीपुर उपचुनाव विधायक प्रवीण पाठक की देखरेख में कराने की जिम्मेदारी सौंप चुकी है। आयोग में पहुंची कांग्रेस उपचुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनदर्शन यात्राओं पर रोक लगाने के लिए चुनाव आयोग पहुंची है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि चुनाव आयोग को सीएम जनदर्शन कार्यक्रम को तत्काल रोकना चाहिए। वहीं, इसको लेकर टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया कि कांग्रेस का काम केवल शिकायत करना है। वे जनता की समस्याएं सुनते हैं और विकास कार्य करते हैं, उनकी समीक्षा करते हैं मगर कांग्रेस को इस पर भी एतराज है। उसने तो सरकार में रहते यह किया नहीं। पुष्पराज बागरी का VIDEO आया सामने इधर भाजपा के दिवंगत विधायक जुगलकिशोर बागरी के बेटे और रैगाँव के प्रबल दावेदार माने जा रहे पुष्पराज बागरी का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि पुष्पराज बागरी कुछ लोगों के बीच खड़े हैं और अचानक वो कह रहे हैं कि 'मुझे नहीं लड़ना चुनाव। मैं सहर्ष घोषणा करता हूं मुझे विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ना है।' हालांकि, यह वीडियो कहां का है? और पुष्पराज बागरी ऐसा क्यों कह रहे हैं अभी इसके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। bjp..///..bjp-fielded-an-army-of-22-ministers-in-the-by-election-congress-reached-the-commission-complaining-about-this-320494
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^