बुची बाबू टूर्नामेंट: श्रयेस मुंबई के लिए तथा ईशान झारखंड के लिए खेलेंगे
13-Aug-2024 08:29 PM 7517
तमिलनाडु 13 अगस्त (संवाददाता) श्रेयस अय्यर गुरुवार से शुरू होने वाले बुची बाबू टूर्नामेंट में मुंबई के लिए खेलेंगे और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन झारखंड की कामन संभालेंगे। श्रयेस अय्यर 27 अगस्त को मुम्बई के जम्मू कश्मीर के साथ होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। ईशान किशन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनकी वापसी के बारे में झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन को बताया तथा फिर उन्हें टीम में शामिल किया गया। वह बुधवार को झारखंड की टीम से जुड़ेंगे। अय्यर पिछले सत्र प्रथम श्रेणी के कुछ मैच पीठ में चोट के चलते नहीं खेल पाए थे। हालांकि आईपीएल के दौरान उन्होंने वापसी की। फरवरी में भारत का केंद्रीय अनुबंध गंवाने के बाद अय्यर हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में भारतीय टीम का हिस्सा थे। तीन मैचों में उन्होंने 23,7 और 8 रनों की पारी खेली। अय्यर इस वर्ष की शुरुआत में इंग्लैंड के साथ घरेलू टेस्ट श्रृंखला के पहले दो टेस्ट में भारतीय टीम में थे। मार्च में वह मुंबई के सफल रणजी ट्रॉफी अभियान का भी हिस्सा थे। उन्होंने फाइनल में विदर्भ के खिलाफ दूसरी पारी में 95 रनों की पारी खेली थी। अय्यर ने अब तक कुल 72 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 48.82 की औसत से 5664 रन बनाए हैं। इस दौरान अय्यर ने 13 शतक और 30 अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी इस टूर्नामेंट में मुंबई का हिस्सा होंगे। इस टूर्नामेंट में सरफराज खान मुंबई की कप्तानी करेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^