छह स्वर्ण जीतकर महाराष्ट्र से आगे निकला हरियाणा
08-Jun-2022 11:33 PM 1344
पंचकुला, 08 जून (AGENCY) हरियाणा के पहलवानों ने बुधवार को यहां पंचकूला में अपनी प्रतियोगिता के अंतिम दिन पांच में से चार स्वर्ण जीतकर खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अपने राज्य को दोबारा महाराष्ट्र पर बढ़त दिलाई। मेजबान टीम ने ट्रैक और फील्ड में दो और स्वर्ण एकत्र किए, जिससे उनकी कुल संख्या 30 स्वर्ण, 23 रजत और 33 कांस्य हो गई, जो महाराष्ट्र (26 स्वर्ण, 25 रजत, 22 कांस्य) से आगे निकल गया, जो छठे दिन केवल एक एकल स्वर्ण जीत सका। दूसरी ओर, कर्नाटक ने अंबाला में तैराकी प्रतियोगिता की शुरुआत धूमधाम से करते हुए चार स्वर्ण जीते, जिससे उनके पास कुल छह स्वर्ण हो गये हैं। कुश्ती मैट पर हरियाणा की अंतिम ने लड़कियों की 53 किलो श्रेणी में अपना दबदबा कायम करते हुए तीन साल में अपना दूसरा खेलो इंडिया स्वर्ण हासिल किया।अंतिम का नाम यह इसलिये रखा गया था क्योंकि उनके माता-पिता अपनी पांचवी और ‘अंतिम’ बेटी को यही पुकारना चाहते थे। हिसार की धाकड़ पहलवान अपने विरोधियों के लिए बहुत मजबूत साबित हुईं। अंतिम ने तीन बाउट तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर और एक फॉल के आधार पर जीता। फाइनल में उनका सामना महाराष्ट्र की कल्याणी गाडेकर से हुआ, लेकिन उन्होंने अपने सामरिक कौशल के दम पर सफलता हासिल की। जीत के बाद अंतिम ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि मैं लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हूं और अगले महीने होने वाली एशियाई अंडर-20 चैंपियनशिप को लेकर उत्साहित हूं।” हरियाणा के लिए अन्य तीन स्वर्ण पुलकित (लड़की 65 किग्रा), साहिल (लड़के ग्रीको रोमन 92 किग्रा) और सागर जगलान (लड़के फ्री स्टाइल 80 किग्रा) ने जीते, जिससे मेज़बान राज्य के पास कुश्ती में 16 स्वर्ण, 10 रजत और 9 कांस्य हो गए। महाराष्ट्र दूर-दूर तक हरियाणा का मुकाबला नहीं कर सका । महाराष्ट्र के वैभव पटेल ने फ्री स्टाइल 55किलो स्वर्ण अपने राज्य की सूची में जोड़ा। मध्य प्रदेश और चंडीगढ़ के पहलवानों ने एक-एक स्वर्ण हासिल किया। दिन की अन्य स्पर्धाओं में हरियाणा की भारोत्तोलक ज्योति यादव ने लड़कियों के 76 किग्रा में कुल 178 किलो भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। असम के सुदित्य बरुआ (लड़के 89 किग्रा) और पंजाब के दिलबाग सिंह (लड़के 96 किग्रा) ने भारोत्तोलन के अन्य स्वर्ण पदक जीते। ट्रैक और फील्ड में राजस्थान की किरण ने एथलेटिक्स में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से लगभग तीन मीटर आगे डिस्कस फेंककर अपने राज्य को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय डिकैथलीट प्रमिला अयप्पा की बेटी उन्नति अयप्पा ने 14.00 सेकंड के समय के साथ लड़कियों की 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा के मोहित ने राजस्थान के माधवेंद्र शेखावत को 13.62 सेकंड के समय से हराकर लड़कों की 110 मीटर बाधा दौड़ जीती। पश्चिम बंगाल के सृंजॉय दत्ता ने अपने राज्य के साथी अभिनव शॉ को 16-14 से हराकर 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीता। गुजरात के केवल प्रजापति ने इस स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^