20-Oct-2021 08:00 PM
6358
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को लूटने वालों, गरीबों को लूटने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने ही ताकतवर क्यों न हों। प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) और केंद्रीय अन्वेषण अभिकरण (सीबीआई) के संयुक्त सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा भ्रष्टाचार छोटा हो या बड़ा, किसी न किसी का हक छीनता है। सामान्य नागरिक को उसके अधिकारों से वंचित करता है और राष्ट्र की प्रगति में बाधक होता है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार एक देश के रूप में हमारी सामूहिक शक्ति को भी प्रभावित करता है। पीएम मोदी ने पूर्व की सरकारों में भ्रष्टाचार को लेकर हीला-हवाली बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा पहले जिस तरह सरकारें और व्यवस्थाएं चलीं, उनमें प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों इच्छाशक्ति की कमी थी। आज भ्रष्टाचार पर प्रहार की राजनीतिक इच्छाशक्ति है और प्रशासनिक स्तर पर निरंतर सुधार किया जा रहा है। उन्होंने कहा आज देश को विश्वास है कि देश को धोखा देने वाले, गरीब को लूटने वाले, कितने भी ताकतवर क्यों न हों, देश-दुनिया में कहीं भी हों, अब उन पर रहम नहीं किया जाता, सरकार उनको छोड़ती नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि बीते 6-7 सालों के निरंतर प्रयासों से हम देश में एक विश्वास कायम करने में सफल हुए हैं कि बढ़ते हुए भ्रष्टाचार को रोकना संभव है। आज लोगों को यह विश्वास हो गया है कि बिना कुछ लेन-देन के, बिना बिचौलियों के भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकता है। यह हमारे अब तक के कामकाज का सबसे बड़ा पारितोषिक है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज हम भारत की आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आने वाले 25 वर्ष, यानि इस अमृतकाल में आत्मनिर्भर भारत के विराट संकल्पों की सिद्धि की तरफ देश बढ़ रहा है। आज हम गुड गवर्नेंस- प्रो पीपल, प्रो एक्टिव गवर्नेंस को सशक्त करने में जुटे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सरकार में कई कानूनों को खत्म करने और उबाऊ प्रक्रियाओं से मुक्ति की दिशा में किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा आज देश में जो सरकार है, वह देश के नागरिकों पर विश्वास करती है, उन्हें शंका की नजर से नहीं देखती। इस भरोसे ने भी भ्रष्टाचार के अनेक रास्तों को बंद किया है। इसलिए दस्तावेजों के वेरीफिकेशन की लेयर्स को हटाकर, करप्शन और अनावश्यक परेशानी से बचाने का रास्ता बनाया है।
Corruption
PM Modi..///..corruption-will-not-be-tolerated-at-any-cost-will-not-leave-those-who-loot-the-country-modi-1-324119