दायित्व बोध से कार्य करें कार्यकर्ता: नड्डा
02-Jun-2022 11:05 PM 4386
जबलपुर, 02 जून (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आज कहा कि भाजपा में सबसे महत्वपूर्ण दायित्व कार्यकर्ता का होता है। कार्यकर्ता अपने दायित्व बोध से कार्य करें और संगठन जो भी काम सौंपे उसे पूरी निष्ठा के साथ पूर्णता की ओर ले जाए। हम सभी राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जाने के लिए कार्य कर रहे हैं। श्री नड्डा ने यह बात जबलपुर प्रवास के दौरान मंडल कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कही। श्री नड्डा आज जबलपुर संगठनात्मक प्रवास पर थे। उन्होंने जबलपुर पश्चिम विधानसभा के रानी दुर्गावती मंडल की कार्यसमिति में भाग लिया। बैठक के दौरान श्री नड्डा ने मंडल पदाधिकारियों से परिचय लिया और संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी ली। भाजपा अध्यक्ष श्री नड्डा ने मंडल कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे संगठन में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। मंडल स्तर पर पदाधिकारी सतत प्रवास करें और कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क करें। केन्द्र और प्रदेश द्वारा दिए हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों के पूर्व निर्धारित तैयारी के साथ उन्हें आयोजित करें। उन्होंने कहा कि आज हमारी पार्टी विश्व के सबसे बड़े कार्यकर्ता आधारित संगठन के रूप में जानी जाती है। समाज का हर वर्ग हमसे जुडना चाहता है। उन्होंने कहा कि जब हम अपने दल से लोगों को जोडते हैं तो अपने वैचारिक विरोधियों की पहले बात सुने फिर उन्हें अपने विचारों से अवगत कराकर अपने पक्ष और संगठन के साथ जोडने का कार्य करें। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमारी सरकार ने इतनी योजनाएं चलायी है कि समाज का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। हम हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें पार्टी से जोडे। इस अवसर पर राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन श्री हितानंद, प्रदेश महामंत्री शरदेंदु तिवारी, नगर अध्यक्ष जी एस ठाकुर मौजूद रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^