डबल इंजन की सरकार में देश और प्रदेश का हुआ चहुंमुखी विकास: तोमर
06-Sep-2023 09:02 PM 8839
श्योपुर, 06 सितंबर (संवाददाता) केन्द्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। श्री तोमर ने यह बात ग्वालियर-चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे दिन विजयपुर, टर्रा, ढोढ़र गांव सहित अन्य स्थानों पर हुई सभाओं को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर एवं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मार्गदर्शन में श्योपुर से रथ यात्रा की शुरूआत हुयी। दोनों वरिष्ठ नेताओं और यात्रा का आमजन ने भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। भीषण बारिश के बीच भी यात्रा और सभाओं में जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरे उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि गरीब कल्याण की योजनाओं के सहारे मध्यप्रदेश बीमारू राज्य से विकसित राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। जनजातीय समाज का मान बढ़ाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। कांग्रेस ने तो सिर्फ उनके साथ धोखा और छलावा किया है। अब कांग्रेस को सबक सिखाने का समय आ गया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार बनाकर विकास के पहिए को आगे बढ़ाना है। यह वचन वे आपसे लेना चाहते हैं। आप यह उत्साह बनाए रखना, एक बार फिर से ग्वालियर-चंबल से कमल का फूल खिलेगा। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने जनसभाओं में राज्य शासन और भारत सरकार द्वारा चलाए जा रही जनहितैषी योजनाओं के बारे में आमजन को बताया। उन्होंने सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के योद्वाओं का मान बढ़ाने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा जनजातीय समाज के लिए की गई 14 घोषणाओं में से सभी को पूरा किया गया है। यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जो कहती है वह करती भी है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तो भाजपा सरकार की योजनाएं बंद करने का काम किया। गरीबों को हक छीनने का काम किया। कांग्रेस ने चुनाव में जो वादे किए वह कभी नहीं निभाए। किसानों का कर्जा कभी माफ नहीं किया। बल्कि उन्हें कर्जदार बना दिया। किसानों के कर्ज का ब्याज माफ करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। एक बार फिर आपको संकल्प लेकर भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनानी है। ग्वालियर-चंबल संभाग से 34 की 34 सीटें आपको जिताकर भाजपा की झोली में डालना है। सुबह से ही श्योपुर क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हो गया। लेकिन यह बारिश भी जन आशीर्वाद यात्रा का उत्साह कम नहीं कर पाई। यात्रा के स्वागत के लिए मार्ग पर जन सैलाब उमड़ पड़ा। श्योपुर से लेकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया। रथ में सवार केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर एवं श्री सिंधिया ने जनता का अभिवादन किया और ऐतिहासिक स्वागत करने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। यात्रा का स्वागत करने के लिए हर कोई आतुर दिखा। जगह-जगह महिलाएं और बच्चियों तख्तियां लेकर पहुंची और यात्रा का भव्य स्वागत किया। विशेषकर हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़ी हितग्राहियों ने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। कुछ जगहों पर महिलाएं सिर पर कलश रखकर यात्रा का स्वागत करने के लिए पहुंची। जन आशीर्वाद यात्रा के स्वागत का सिलसिला निरंतर जारी है। लोगों ने छोटी-छोटी टोलियां बनाकर यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया। यात्रा में शामिल मंत्री गण को जहां भी 10-20 लोगों की टोली स्वागत के लिए हाथों में फूल मालाए लिए खड़ी मिल रही है वे अपना वाहन रोककर बाकायदा उनसे संवाद भी कर रहे हैं और उनका स्वागत भी स्वीकार कर रहे हैं। इसके अलावा कई जगहों पर जेसीबी के उपर बैठक यात्रा पर पुष्पवर्षा की गयी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री एवं यात्रा प्रभारी रणवीर रावत, विधायक सीताराम आदिवासी, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, बृजराज सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र जाट, प्रदेश प्रवक्ता बृजगोपाल लोया, प्रदेश मीडिया विभाग के सदस्य बृजराज सिंह उपस्थित रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^