दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने श्रीलंका को दिया 236 रनों का लक्ष्य
02-May-2025 06:03 PM 8504
कोलंबो 02 मई (संवाददाता) एनेरी डर्कसेन (नाबाद 61) और लारा गुडॉल (46) रनों की पारियों के दम पर दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने शुक्रवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में श्रीलंका को जीत के लिए 236 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां श्रीलंका की महिला टीम ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने कप्तान लॉरा वुलफार्ट (10) और तेजमिन ब्रिट्स (14) रन के विकेट जल्द गवां दिये। मालकी मदारा ने वुलफार्ट को और सुगंधिका कुमारी को ब्रिट्स ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद करबो मेसो (नौ) रन बनाकर आउट हुई। लारा गुडॉल और सुने लूस ने पारी संभालने का प्रयास किया। लेकिन वे भी अधिक देर तक पिच पर नहीं टिक सकी। 29वें ओवर में देवमी विहंगा ने सुने लूस (31) को बोल्ड कर श्रीलंका पांचवीं सफलता दिलाई। क्लोई ट्राइऑन (35), एन डी क्लार्क (17), मासाबाटा क्लास (चार) और एम म्लाबा (शून्य) पर आउट हुई। एनेरी डर्कसेन ने 60 गेंदों में (नाबाद 61) रनों की पारी खेली। श्रीलंकाई गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 235 रन का स्कोर खड़ा किया। अयाबोंगा खाका (दो) रन बनाकर नाबाद रही। श्रीलंका की ओर से मालकी मदारा ने चार विकेट लिये। देवमी विहंगा को तीन विकेट मिले। सुगंधिका कुमारी और इनोका रनावीरा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^