28-Dec-2021 09:42 PM
7828
देहरादून, 28 दिसम्बर (AGENCY) उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को पार्टी का 137वां स्थापना दिवस ध्वज वंदन के साथ मनाया गया।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ध्वज वंदन करते हुए कांग के इतिहास को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा समाज के कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया है। सर्व धर्म समभाव एवं धर्म निरपेक्षता के सिद्वान्तों को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखण़्ड़ता को मजबूत करने के लिए हमेशा काम किया है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि जब देश में ब्रिटिश हूकूमत द्वारा जनता पर अत्याचार किये जा रहे थे, तब देश के कुछ चुनिन्दा लोगों ने आज ही के दिन ब्रिटिश हूकूमत के खिलाफ आन्दोलन चलाने के लिए बंबई के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत पाठशाला में कांग्रेस पार्टी की स्थापना की थी।
श्री गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस के साथ महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, बाल गंगाधर तिलक, अशफाक उल्लाह खां जैसे अनेकानेक महापुरुषों ने आजादी दिलाने लिए अपने प्राणों की बाजी लगा दी। उन्होंने कहा कि उन सभी के योगदान को भुलाया नही जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा लोकतांत्रिक समाजवाद के नारे के साथ देश को विकास के रास्ते में आगे बढ़ाने का काम किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज कुछ लोग कांग्रेस मुक्त भारत की बात कर रहे है। उन लोगों को यह नही भूलना चाहिए जिस पार्टी ने इस देश को आजाद कराया और आजादी के बाद इस देश में विकास की नींव रखने का काम किया, उन सम्मानित नेताओं तथा स्वतंत्रता सेनानियों की आलोचना करने का काम कर रहे है। ऐसे तत्वों से हमें सावधान रहने की आवश्यक्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि जो लोग कांग्रेसमुक्त भारत की बात कर रहे है, उन्हेें मुहतोड़ जबाब देने के लिए एकजुट होकर 2022 में कांग्रेस पार्टी की सरकार प्रदेश में बनानी है।
स्थापना दिवस पर सेवादल स्वयं सेवको ने राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम के साथ उन महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को याद किया, जिन्होंने आजादी के आंदोलन में अपने प्राणों की आहूति दी थी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री हीरा सिंह विष्ट, पूर्व विधायक पृथ्वीपाल सिंह चौहान, मथुरा दत्त जोशी, डाॅ0 आर0 पी0 रतूड़ी, गरिमा दसौनी, राजेन्द्र भण्डारी, धीरेन्द्र प्रताप, संजय शर्मा, राजेश शर्मा, पी0के0 अग्रवाल, प्रभुलाल बहुगुणा, अनिल रावत, महिला कांगे्रस अध्यक्षा सरिता आर्य, राजेश रस्तोगी, सरोजनी कैन्त्यूरा, आदि उपस्थित रहे।...////...