31-May-2025 11:55 PM
7778
नयी दिल्ली 31 मई (संवाददाता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए ) की कई टीमों ने शनिवार को आठ विभिन्न राज्यों के दिल्ली, चंडीगढ़ और कोलकाता में छापेमारी की।
इससे कुछ दिन पहले ही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) मोतीराम जाट को पाकिस्तान में खुफिया अधिकारियों के साथ भारत की खुफिया जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मोतीराम ने एनआईए को अहम जानकारी दी थी जिसके कारण इस मामले की जांच कर रही एनआईए ने दिल्ली, चंडीगढ़ और कोलकाता समेत 15 जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
एनआईए सूत्रों ने बताया कि मोतीराम जाट पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में तैनात थे। आतंकी हमले से पांच दिन पहले ही उनका दिल्ली तबादला हुआ था। इसी के बाद 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला किया गया। जिसमें करीब 26 पर्यटक मारे गए। आतंकियों ने सभी पर्यटकों को धर्म पूछकर मारा था। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि उनके जरिए हुई जानकारी लीक का उस हमले से कोई संबंध हो सकता है। एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया “हम 15 स्थानों पर तलाशी ले रहे हैं और बाद में आगे की जानकारी साझा करेंगे।” प्रवक्ता ने बताया, “मोतीराम जाट सक्रिय रूप से पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में था। हमें यह भी पता चला है कि वह विभिन्न माध्यमों से पीआईओ से धन प्राप्त कर रहा था। यह मामला बेहद संवेदनशील है और राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। आरोपी लंबे समय से जासूसी गतिविधियों में लिप्त था और गोपनीय जानकारी साझा कर रहा था।”
जांच में सामने आया है कि मोतीराम से पहले एक महिला ने संपर्क किया था। जो खुद को एक प्रसिद्ध टीवी चैनल की पत्रकार बताती थी। मोतीराम से बातचीत में उसने खुद को चंडीगढ़ की रहने वाली बताया। इसके बाद कुछ समय तक दोनों के बीच मैसेजिंग और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत होती रही और मोतीराम ने महिला को गोपनीय जानकारी देनी शुरू कर दी। कुछ महीनों बाद एक अन्य शख्स ने उसी चैनल का पत्रकार बनकर जाट से संपर्क किया, लेकिन असल में वे दोनों पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के अधिकारी थे।
इसके बाद मोती राम जाट ने कथित तौर पर पिछले दो सालों में पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों को कई अहम जानकारियां दी हैं। इनमें पहलगाम आतंकी हमले के कुछ घंटों बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जम्मू-कश्मीर दौरा, 50 पर्यटन स्थलों का बंद होना, सीआरपीएफ जवानों की आवाजाही और संख्या तथा आतंकियों के संदिग्ध ठिकानों की जानकारी भी मोतीराम जाट ने पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के साथ साझा की। इसके बदले में दोनों पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों ने मोतीराम जाट को हर महीने 3,500 रुपये और महत्वपूर्ण जानकारियों के बदले 12,000 रुपये देना शुरू किया था। यह पैसे मोतीराम जाट और उसकी पत्नी के बैंक खातों में भेजे जाते थे।
प्रवक्ता के अनुसार जाट 2023 से ही पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों के संपर्क में था और उन्हें भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां भेज रहा था। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे छह जून तक एजेंसी की हिरासत में भेज दिया है। उसे सेवा से बर्खास्त भी कर दिया गया है। सीआरपीएफ ने बताया कि जाट की सोशल मीडिया गतिविधियों पर केंद्रीय एजेंसियों की मदद से नजर रखी जा रही थी और उसी दौरान उसकी संदिग्ध गतिविधियों का पता चला।...////...