दूसरे दलों से आये सात विधायकों को भाजपा ने दिया टिकट, योगी ने दी शुभकामनायें
21-Jan-2022 08:45 PM 1737
लखनऊ, 21 जनवरी (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के लिये शुक्रवार को जारी 85 उम्मीदवारों की सूची में दूसरे दलों से आये सात विधायकों के अलावा कानपुर के पूर्व पुलिस आयुक्त असीम अरुण और भाजपा छोड़कर सपा में गये विधायक विनय शाक्य की बेटी को भी जगह दी है। हालांकि पार्टी ने लगभग 13 प्रतिशत मौजूदा विधायकों के टिकट भी काटे हैं। भाजपा ने तीसरे और चौथे चरण की विधानसभा सीटों में से 85 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की दिल्ली में सूची जारी कर दी। उल्लेखनीय है कि तीसरे चरण के लिये 20 फरवरी और चौथे चरण के लिये 23 फरवरी को मतदान होगा। सूची जारी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी उम्मीदवारों की जीत को सुनिश्चित बताते हुये शुभकामनायें दी। योगी ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव-2022 के लिये भाजपा के आज घोषित हुए सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा की गई ‘जन सेवा’ का प्रसाद अब ‘जन विश्वास’ के रूप में प्रकट हो रहा है। आप सभी की विजय सुनिश्चित है।” भाजपा अब तक 195 सीटों के उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। भाजपा ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर हाल ही में पार्टी में शामिल हुये असीम अरुण को कन्नौज (सु) सीट से उम्मीदवार बनाया है। इनके अलावा दूसरे दलों से भाजपा में आये सात विधायकों को भी पार्टी ने पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। इनमें हाथरस जिले की सादाबाद सीट से बसपा विधायक रामवीर उपाध्याय, फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज सीट से सपा के विधायक हरिओम यादव, हरदोई से सपा विधायक नितिन अग्रवाल, उन्नाव जिले की पुरवा सीट से बसपा के विधायक अनिल सिंह, रायबरेली जिले की हरचंदपुर सीट से कांग्रेस विधायक राकेश सिंह और सदर सीट से अदिति सिंह शामिल हैं। साथ ही बसपा के विधान परिषद सदस्य जयवीर सिंह को मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^