23-Apr-2022 07:31 PM
4623
शिमला, 23 अप्रैल (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है ईमानदार छवि व बेहतर व्यवहार के लोगों को आगे लाना होगा, ताकि प्रदेश में मिशन रिपीट हो सके।
श्री नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ सौहार्द भाव से मिलें, उनके साथ किसी तरह की कोई तलखी न हो। व्यवहार में सुधार लाओ ताकि सच में लीडर लगो, इससे ही प्रदेश में भाजपा की जीत का रास्ता निकलेगा।
वह धर्मशाला परिधि गृह में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों, सांसद, मंत्री विधायक, पूर्व विधायक, जिला परिषद अध्यक्ष तथा संगठन पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद थे। बैठक में डेढ़ घंटा तक सुबह पौने दस बजे से लेकर करीब सवा ग्यारह बजे तक पदाधिकारियों को जीत के लिए जरूरी मंत्र दिया।
उन्होंने पार्टी में कार्यकर्ता को सर्वोपरी मानते हुए कार्यकर्ता का मान सम्मान करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता के सम्मान में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। कार्यकर्ता के साथ किसी तरह की कोई तलखी नहीं होनी चाहिए। कार्यकर्ता को कोई भी भुगतान नहीं दिया जाता है। बावजूद इसके संगठन के लिए कड़ी मेहनत करता है। इसलिए संगठन में कार्यकर्ता को मान-सम्मान मिलना चाहिए। कार्यकर्ता के साथ दुर्व्यवहार न हो। इसके साथ ही श्री नड्डा ने सभी पदाधिकारियों और मौजूद नेताओं को अपने व्यवहार में सुधार लाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि व्यवहार में सुधार लाओ ताकि लोगों को सच में लीडर लगो। ईमानदार छवि और बेहतर व्यवहार ही एक बेहतर नेता बनाएगा। इसलिए जनता के बीच में नेता की ईमानदार छवि बहुत जरूरी है।
श्री नड्डा चार राज्यों में पार्टी की जीत से उत्साहित हैं, लेकिन हिमाचल प्रदेश उनका गृह राज्य है और यहां से जीत के लिए वह पूरा प्रयास कर रहे हैं। इसलिए उन्होंने कांगड़ा-चंबा संगठन की बैठक में पदाधिकारियों को नसीहत दी है।...////...