एक सप्ताह तक उपचार के बाद स्टालिन को मिली अस्पताल से छुट्टी
27-Jul-2025 10:45 PM 5216
चेन्नई, 27 जुलाई (संवाददाता) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को रविवार शाम अपोलो अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। श्री स्टालिन हल्के चक्कर आने का इलाज कराने के लिए एक सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रहे। वह अस्पताल से ही आभासी माध्यम से अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। डॉक्टरों ने उन्हें तीन दिन आराम करने के बाद सामान्य कार्यों को फिर से शुरू करने की सलाह दी है। अस्पताल द्वारा जारी एक बुलेटिन में कहा गया, “डॉ. सेंगोट्टुवेलु के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम द्वारा पूरी की गयी चिकित्सीय प्रक्रिया से ठीक होने के बाद श्री स्टालिन को छुट्टी के लिए फिट घोषित किया गया है।” बयान में कहा गया, “मुख्यमंत्री को आज शाम छुट्टी दे दी गयी है और उन्हें तीन दिनों के बाद अपनी सामान्य दिनचर्या फिर से शुरू करने की सलाह दी गयी है।” श्री स्टालिन को पिछले सोमवार को सुबह की सैर के दौरान हल्का चक्कर आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। श्री स्टालिन के हृदय गति में बदलाव के लिए 24 जुलाई को इलाज किया गया था। अस्पताल ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और वे दो दिनों के भीतर अपने नियमित आधिकारिक कर्तव्यों का पालन कर सकेंगे। अस्पताल ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री ने चक्कर आने से संबंधित लक्षणों के लिए विभिन्न जांचें करवायीं। अस्पताल ने कहा कि जांच में पता चला कि ये लक्षण हृदय गति में बदलाव के कारण थे। इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. जी सेंगोट्टुवेलु के नेतृत्व वाली चिकित्सा विशेषज्ञों की समिति की राय के आधार पर मुख्यमंत्री ने इन बदलावों को ठीक करने के लिए एक चिकित्सीय प्रक्रिया अपनायी और उनका डायग्नोस्टिक एंजियोग्राम सामान्य था। इक्कीस जुलाई को अस्पताल में भर्ती होने के बाद से श्री स्टालिन अपने प्रमुख कार्यक्रम 'उंगलुदन स्टालिन' (स्टालिन विद यू- लोगों की शिकायतों को दूर करने के लिए उनके दरवाजे तक पहुंचना) में आभासी माध्यम से अस्पताल से ही अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। वर्तमान स्थिति, प्राप्त आवेदनों की संख्या और उनमें से कितनों के समाधान पर तीन जिला कलेक्टरों के साथ बैठकें भी की थी। उन्होंने मुख्य सचिव एन मुरुगनंधम के साथ भी बैठक की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपे जाने वाले एक ज्ञापन को अंतिम रूप दिया। इनमें राज्य की मांगों पर प्रकाश डाला गया और सर्व शिक्षा अभियान के तहत राज्य को धनराशि का उचित हिस्सा जारी करने का अनुरोध किया गया। श्री स्टालिन अस्पताल में भर्ती होने के कारण कल रात तूतीकोरिन में और आज अरयालुर जिले के गंगईकांडा चोलपुरम में प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सके। श्री स्टालिन के बड़े भाई एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री एम के अलागिरी, श्री स्टालिन के पुत्र एवं उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, राज्य के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगी दलों के नेताओं, अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्ना द्रमुक) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं, अभिनेता रजनीकांत और एमएनएम के संस्थापक कमल हासन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^