एयर इंडिया विमान दुर्घटना समूह के इतिहास का सबसे काला दिन: टाटा
13-Jun-2025 08:31 PM 6680
नयी दिल्ली/मुंबई, 13 जून (संवाददाता) टाटा समूह के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाले विमान के तत्काल दुर्घटनाग्रस्त होने को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शुक्रवार को कहा है कि यह कंपनी के इतिहास का सबसे काला दिन है और भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं हों इसके लिए सुरक्षा पर ही सबसे ज्यादा फोकस करने की जरूरत है। श्री चंद्रशेखरन ने अपने सहकर्मियों को लिखे पत्र में कहा “ कल जो हुआ, वह समझ से परे है और समझ नहीं आ रहा है कि आखरि यह सब कैसे हो गया। इससे पूरा समूह सदमे और शोक में हैं। हम जानते हैं कि एक व्यक्ति को खो देना भी एक बड़ी त्रासदी है लेकिन यहां तो एक साथ इतने लोगों की जान चली गयी है। कल का दिन टाटा समूह के इतिहास के सबसे काले दिनों में से एक है। जिन लोगों ने इस दुर्घटना में अपने परिजनों को खोया है उन्हें इस हालात में शब्दों से सांत्वना नहीं मिल सकती लेकिन हमारी संवेदनाएँ दुर्घटना में मारे गए और घायल हुए लोगों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ है।” समूह अध्यक्ष ने लोगों को हर स्तर पर सहयोग का भरोसा देते हुए कहा “हम यहां उनकी मदद के लिए हैं। पिछले 24 घंटों में भारत, ब्रिटेन और अमेरिका से जांच दल अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। उन्हें हमारी तरफ से पूरा सहयोग रहेगा और इस दुर्घटना के निष्कर्षों को लेकर हर कदम पर पारदर्शी रहेगा।” उन्होंने कहा कि दुर्घटना को लेकर कई तरह की बातें आ रही हैं और लोग बहुत सारे अनुमान भी लगा रहे हैं। कल हमने बहुत बड़ी त्रासदी का सामना किया है इसलिए धैर्य रखने की जरूरत है। दुर्घटना की व्यापक पड़ताल होगी कि इस विमान में किस वजह से यह त्रासदीपूर्ण घटना हुई है। दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच का काम पूरा होने पर घटना के कारणों की पारदर्शी तरीके से जानकारी दी जाएगी। समूह के अध्यक्ष ने कहा कि जब कंपनी ने एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था तो यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी पहली और सबसे बड़ी प्राथमिकता थी। इस पर कोई समझौता नहीं किया गया। उनका कहना था कि कंपनी को परस्पर विश्वास और एक दूसरे के सहयोग से आगे बढाया है। हमारे यह संकट का समय जरूर है लेकिन हम अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ताकत से निर्वहन करेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^