गहलोत ने विभिन्न प्रस्तावों को दी मंजूरी
19-May-2022 10:31 PM 4926
जयपुर, 19 मई (AGENCY) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तहसील कार्यालयों में नये वाहन खरीद, टोंक जिले के देवली में कृषि उत्कृष्टता केन्द्र स्थापित करने, दौसा जिले के लालसोट तथा राजसमंद जिले के नाथद्वारा में नर्सिंग कॉलेज खोले जाने सहित विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी है। श्री गहलोत ने तहसील कार्यालयों में सौ नए वाहनों की खरीद के लिए आठ करोड रूपए के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार तहसील कार्यालयों में संचालित नाकारा वाहन जो अत्यधिक पुराने हैं तथा जिनके संचालन पर बहुत ज्यादा खर्चा हो रहा है, उन्हें मोटर गैराज में जमा कराया जाएगा और इन कार्यालयों में नए वाहन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसी तरह मुख्यमंत्री ने टोंक जिले में देवली (उनियारा) में कृषि उत्कृष्टता केन्द्र की स्थापना किए जाने तथा इसके लिए 15 नवीन पदों के सृजन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022-23 के बजट में देवली (उनियारा) में कृषि विज्ञान केन्द्र खोले जाने की घोषणा की थी। केन्द्र सरकार से कृषि विज्ञान केन्द्र खोले जाने की स्वीकृति प्राप्त होने तक यह उत्कृष्टता केन्द्र श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के अधीनस्थ रहेगा। प्रस्ताव के अनुसार देवली (उनियारा) में कृषि उत्कृष्टता केन्द्र स्थापित किया जाएगा तथा नवीन सृजित पदों का व्यय श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के बजट मदों में उपलब्ध प्रावधान से किया जाएगा। नवीन पदों में वरिष्ठ विशेषज्ञ, फार्म मैनेजर, लैब टैक्नीशियन, लिपिक ग्रेड-प्रथम, स्टेनोग्राफर, वाहन चालक तथा मशीन विद् मैन का एक-एक पद, विषय विशेषज्ञ के छह पद एवं मल्टी टास्क वर्कर के दो पदों सहित कुल 15 पद शामिल हैं। उन्होंने दौसा जिले के लालसोट तथा राजसमंद जिले के नाथद्वारा में नर्सिंग कॉलेज खोले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022-23 के बजट भाषण में राज्य के 18 जिले जहां नर्सिंग कॉलेज नहीं है वहां नए नर्सिंग कॉलेज खोले जाने की घोषणा की थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने भिवाड़ी, बाड़मेर एवं भरतपुर में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की तीन नई फील्ड यूनिट्स खोले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नवीन एसओजी यूनिट्स के लिए 27 नए पदों के सृजन के लिए भी स्वीकृति दी गई है। प्रस्ताव के अनुसार, प्रदेश में भिवाड़ी, बाड़मेर, भरतपुर, जालोर तथा झुन्झुनूं में एसओजी की 5 नई फील्ड यूनिट्स का गठन किया जाना है। इसके प्रथम चरण में तीननई यूनिट्स का गठन भिवाडी, बाडमेर तथा भरतपुर में किया जा रहा है। इन नवीन इकाइयों में लगाए जाने वाले उपकरणों की व्यवस्था के लिए भी आवश्यकतानुसार धनराशि जारी कर दी गई है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^