28-Oct-2022 04:58 PM
4295
सीहोर, 28 अक्टूबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा है कि प्रदेश के गरीबों के घर बन जाए तो उनका मुख्यमंत्री पद पर रहना सार्थक हो जाएगा।
श्री चौहान जिले के खैरी सिलगेना में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के शिविर में 5 पंचायतों के ग्रामीणों के आवेदनों का मौके पर ही निराकरण करने के दौरान संवाद कर रहे थे। सांसद रमाकांत भार्गव और अनसूचित जनजातीय वित्त निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री ने यहां निर्मित होने वाले 21 करोड़ 90 लाख के 4 मार्गो का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने यहां नया खेल मैदान विकसित करने के अलावा खैरी सिलगेना से मछवाइ मार्ग निर्माण किए जाने और ग्राम के ही जागेश्वर धाम मंदिर का गेट बनाने की भी घोषणा की। शिविर में बोरना, जोनतला, नंदमेर और आमोन के ग्रामीणों की अनेक समस्याओं का मुख्यमंत्री ने समाधान किया।
श्री चौहान ने खैरी सिलगैना पंचायत के ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि उनके आव्हान पर पंचायत निर्विरोध निर्वाचित हुई है। मुख्यमंत्री ने पंचायत को समरस पंचायत भी घोषित किया। उन्होंने ग्रामीणों को संकल्प दिलवाया कि वे छोटे विवादों में थाना कोर्ट कचहरी जाने के बजाए गांव में ही विवाद सुलझाएं। मुख्यमंत्री ने गांव के विद्यालय को आदर्श बनाने की भी अपील की। उन्होंने गांव में सफाई के प्रबंध करने के लिए अंदरूनी नालियों के निर्माण के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पंचायतों में स्वसहायता समूह की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि महिलाओं की आमदनी 10 हजार रुपए महीने करने के लिए समूह को सशक्त बनाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती किसानी के साथ युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए रोजगार दिवस कार्यक्रम से युवाओं को वित्तीय सहायता दिलवाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा अभियान का आशय ग्रामीणों को कार्यालय के चक्कर नहीं लगाना पड़े और उन्हें शिविर में ही लाभ मिल जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र किसान प्रधानमंत्री किसान कल्याण और मुख्यमंत्री सम्मान निधि से वंचित नही हो। मुख्यमंत्री ने अनेक आवेदको से मंच से ही उनके काम होने की तस्दीक भी की।
ऐसे ही एक प्रकरण में श्री चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही पवन से पूछताछ की। पवन ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके खाते में दो किश्तों के रुपए आ गए हैं और उनका घर अच्छा बन रहा है। उन्होंने पवन की पत्नी के सर्पदंश से मृत्यु हो जाने पर मौके पर ही संबल योजना के तहत चार लाख का चेक भी सौपा। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि सभी किसानों और पशु पालकों के किसान क्रेडिट कार्ड बन जाए।
इससे पहले श्री चौहान ने लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जाने वाली 21 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत की चार सड़कों का भूमि पूजन किया। इन चार सड़कों में शामिल हैं शासकीय स्कूल खैरी सिलगना से ठीकरी तक मार्ग निर्माण जिसकी लम्बाई 3.20 किमी लागत 467.49 लाख रूपये। आमोन एस एच 15 खैरी सिलगना मंदिर तक मार्ग की लम्बाई 4.50 किमी लागत राशि 781.65 लाख। खैरी सिलगना नहर से कोसमी तक मार्ग की लम्बाई 4.50 किमी और लागत राशि 690.59 लाख रूपये। नरसिंह मंदिर खैरी सिलगना से बोरना तक मार्ग की लम्बाई 1.50 किमी और लागत राशि 259.18 लाख रूपये शामिल है।
मुख्यमंत्री ने खैरी सिलगेना पहुंचकर जोगेश्वर धाम में पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश के नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने ग्रामवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।...////...