घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकाला जाएगा : राजनाथ सिंह
21-Sep-2024 10:45 PM 2542
रांची,21 सितम्बर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड में आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे और घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकाला जाएगा। श्री सिंह ने आज चतरा जिले के इटखोरी में हजारीबाग प्रमंडल के भाजपा के परिवर्तन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद सभा में राहुल गांधी से लेकर हेमंत सोरेन तक पर हमला बोला और आरजेडी को भी निशाने पर लिया। श्री सिंह ने झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत किसी भी दागी व्यक्ति को कभी स्वीकार नहीं करेगा।उन्होंने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन को सत्ता से हटाने और भाजपा को सत्ता में लाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत की स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रथाओं के साथ खिलवाड़ किया है। वह भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं।इस बार के विधानसभा चुनाव में झारखंड की जनता उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। झारखंड में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी।हमारी सरकार बनते ही विकास के काम शुरू होंगे और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी। श्री सिंह ने कहा कि झारखंड के विकास की राह में तीन रोड़े हैं – झामुमो, कांग्रेस और राजद।उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने विदेश में भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश की। उन्होंने सिखों को उकसाया है। इससे पहले श्री सिंह ने इटखोरी स्थित प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की और बाद में जनसभा को संबोधित किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^