गुजरात के लोग भी भाजपा के भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ वोट करने को तैयार: केजरीवाल
15-Mar-2024 08:51 PM 7318
नयी दिल्ली, 15 मार्च (संवाददाता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि गुजरात के लोग भी इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ वोट करने के लिए तैयार हैं। श्री केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगंवत मान ने गुजरात के बड़ोदरा से आज चुनाव प्रचार अभियान का आगाज किया। इस दौरान श्री केजरीवाल ने कहा कि देश की जनता इंडिया समूह के साथ है। गुजरात के लोग भी इस बार भाजपा के भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ वोट करने के लिए तैयार हैं। वर्ष 2014 और 2019 में गुजरात की जनता ने 26 की 26 सीटें भाजपा को दीं। क्या इन सांसदों ने पेपर लीक, जहरीली शराब जैसे मुद्दे संसद में कभी नहीं उठाए? उन्होंने कहा कि जितनी ईमानदारी और शिद्दत के साथ पूरे देश में आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों, बच्चों की शिक्षा, सबके इलाज, बिजली, पानी के लिए काम कर रही है, उतनी कोई पार्टी नहीं कर रही है। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा के खाते में 156 सीटें आई, लेकिन सवा साल में इन्होंने कोई भी काम नहीं किया है। पंजाब में ‘‘आप’’ की सरकार बने दो साल ही हुए हैं, लेकिन खूब काम हो रहे हैं। भाजपा को 156 सीटें मिली हैं, इसके बाद भी दूसरी पार्टियों के विधायकों को तोड़कर अपनी पार्टी में ला रहे हैं। पूरे देश में आप एकमात्र पार्टी है जो देश के लिए काम कर रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^