हाइवा (ट्रक) लोडिंग ऑटो पर पलटा, सात श्रमिकों की मौत, ग्यारह घायल
18-Sep-2024 10:56 PM 8288
जबलपुर, 18 सितंबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में आज शाम एक हाइवा (ट्रक) लोडिंग ऑटो को पीछे से टक्कर मारते हुए उसके ऊपर पलट गया, जिससे लोडिंग ऑटो सवार सात श्रमिकों की मौत हो गयी और ग्यारह अन्य घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जबलपुर जिला मुख्यालय के समीप नुनजी और खरमिया के बीच एक हाइवा लोडिंग ऑटो को पीछे से टक्कर मारते हुए उस पर पलट गया। दुर्घटना में सात श्रमिकों की मौत हो गयी। मृतकों में तीन पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। वहीं हादसे में ग्यारह अन्य श्रमिक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जबलपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। घटना से गुस्साए लोगों ने रोड जाम कर दिया है और हंगामा कर रहे हैं। हालांकि बाद में पुलिस की समझाइश के बाद मामले को शांत करा लिया गया। लोडिंग आटो सवार सभी श्रमिक मझगवां थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव के रहने वाले हैं, जो लोडिंग ऑटों में सवार होकर गंज बसौदा सोयाबीन की कटायी के लिए जा रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जबलपुर जिले के सिहोरा-मझगवां रोड पर ग्राम नूजी के पास लोडिंग ऑटो और ट्रक की टक्कर में 7 यात्रियों के असामयिक निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार कराने के लिए निर्देशित किया है। डॉ यादव ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मृतकों के पीड़ित परिवार को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। डॉ यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को असीम दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^