06-Apr-2022 07:04 PM
4364
भोपाल, 06 अप्रैल (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी के 42वें स्थापना दिवस पर आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता देश बनाने निकले हैं और कार्यकर्ताओं को भाजपा से जुड़े होने पर गर्व है।
श्री चौहान ने कहा कि पार्टी की यात्रा जनसंघ से शुरू हुई। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी का लगातार विस्तार हो रहा है। पूर्वोत्तर के राज्यों तक में कांग्रेस और कम्युनिस्टों का सफाया हो गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सिर्फ राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि देश बनाने निकले हैं। हमें भाजपा जैसी पार्टी का कार्यकर्ता होने पर गर्व है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री श्री चौहान सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं अध्यक्ष श्री नड्डा का अभिभाषण सुना। समारोह के पहले पार्टी के प्रदेश कार्यालय में श्री शिवप्रकाश एवं श्री चौहान ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया।
श्री चौहान ने कहा कि स्व. अटलजी ने कहा कि अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। उनके ही नेतृत्व में देश में भाजपा का कमल खिला। इसके साथ ही देश में विकास के एक नए युग की शुरुआत हुई। श्री चौहान ने कहा कि 2013 में पार्टी ने श्री नरेंद्र मोदी का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए तय किया और 2014 में हमारी पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनी। उन्होंने कहा कि आज हमारी सरकार वो काम कर रही है, जिनके बारे में कभी कल्पना भी नहीं की जाती थी। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में एक शक्तिशाली, वैभवशाली, समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के संबोधन के पहले प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री और अन्य लोग प्रमुख मार्गों से पार्टी का ध्वज लेकर निकले।...////...