20-Jan-2023 05:01 PM
8701
टीकमगढ़, 20 जनवरी (संवाददाता) मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने आज केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर सीधे हमला बोलते हुए कहा कि अगर श्री सिंधिया इतनी बड़ी तोप थे तो वे ग्वालियर नगर निगम का चुनाव क्यों हार गए।
श्री कमलनाथ ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान श्री सिंधिया से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस को किसी 'सिंधिया' की आवश्यकता नहीं है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि अगर वे (श्री सिंधिया) इतनी बड़ी तोप थे तो वे ग्वालियर और मुरैना के नगरनिगम महापौर का चुनाव क्यों हार गए।
प्रदेश में कुछ महीने पहले संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव में ग्वालियर और मुरैना दोनों नगर निगम पर भाजपा प्रत्याशी की हार हुई है। दोनों पर अब कांग्रेस का कब्जा है।
एक समय में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे मूल रूप से ग्वालियर निवासी श्री सिंधिया मार्च 2020 में कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके समर्थक 22 विधायकों ने भी कांग्रेस छोड़ दी थी, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार गिर गई थी। उस समय श्री कमलनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। श्री सिंधिया के समर्थक विधायकों के समर्थन से प्रदेश में भाजपा सरकार बनी, जिसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शपथ ली।
एक अन्य सवाल के जवाब में श्री कमलनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड के कई इलाके आदिवासी इलाकों से भी ज्यादा पिछड़े हैं।
मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में श्री कमलनाथ ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने 18 साल के कार्यकाल का हिसाब दें और वे (श्री कमलनाथ स्वयं) अपने 15 महीने के कार्यकाल का हिसाब देंगे।...////...